रामपुर में सड़कों पर भरा बारिश का पानी:जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे लोग, बैरीकेडिंग के बाद भी अपील बेअसर
रामपुर में पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार शाम करीब 4 बजे टॉपखाना स्थित प्राणपुर मार्ग पर सड़क के ऊपर पानी बहने लगा। सड़क डूब जाने के बावजूद दर्जनों गांवों के लोग जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से आवागमन करते नजर आए। कुछ लोग पानी की तेज धार देखकर वापस लौट गए, जबकि कुछ जोखिम उठाकर आगे निकलते रहे। जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि जलमग्न इलाकों में जाने से बचें और आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। इसके बावजूद प्राणपुर मार्ग पर लोग पानी के बीच से निकलते दिखाई दिए। मौके पर पुलिस की बेरिकेडिंग तो की गई है, लेकिन राजस्व या पुलिस का कोई कर्मचारी तैनात नहीं था, जो लोगों को पानी में जाने से रोक सके। मौके से वापस लौटे मुस्ताक ने बताया कि पानी काफी तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए वह वापस लौट आए। बेचैनागांव निवासी फारूक ने बताया कि रोजाना दूध लाने-ले जाने का काम है, इसलिए इस मार्ग से आना-जाना मजबूरी है। एक होमगार्ड ने कहा कि वह अपनी जान को जोखिम में नहीं डालना चाहते, इसलिए दूसरे रास्ते से जाएंगे। राजवीर सिंह ने बताया कि उन्हें प्राणपुर जाना था, लेकिन अब लालपुर होकर वैकल्पिक मार्ग से जाएंगे और अपनी जान जोखिम में नहीं डालेंगे। एसडीएम सदर ने कहा कि मामले को दिखवाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को गांव-गांव जाकर लोगों को जलमग्न क्षेत्रों से दूर रहने और सड़क पर पानी बहने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी के तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)