राप्ती के बढ़े पानी में फंसे 14 लोगों का रेस्क्यू:श्रावस्ती में SDRF ने निकाला, पशुओं समेत सभी को सुरक्षित जगह भेजा गया

Sep 28, 2026 - 19:21
0
राप्ती के बढ़े पानी में फंसे 14 लोगों का रेस्क्यू:श्रावस्ती में SDRF ने निकाला, पशुओं समेत सभी को सुरक्षित जगह भेजा गया
श्रावस्ती जिले में संभावित बाढ़ के बीच प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। सोमवार को 5:00 बजे के बाद जानकारी मिली कि डीएम अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कंट्रोल रूम में सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की दो टीमें इकौना क्षेत्र के मझौवा सुमाल और मध्यनगर के लिए रवाना की गईं। टीमों ने जलभराव में फंसे 14 नागरिकों और उनके पशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। कंट्रोल रूम को पूर्वाह्न करीब 11 बजे सूचना मिली कि मझौवा सुमाल में किसान हनुमान प्रसाद खेत की रखवाली के दौरान जलभराव में फंस गए हैं। वहीं मध्यनगर में दो परिवारों के 13 लोग पानी के बीच फंसे होने की जानकारी मिली। सूचना पर जिलाधिकारी ने आपदा विशेषज्ञ अरुण मिश्रा को तत्काल एसडीआरएफ की दो टीमें भेजकर सभी को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए। मझौवा सुमाल निवासी हनुमान प्रसाद रविवार शाम नदी किनारे स्थित अपने सब्जी के खेत की रखवाली करने गए थे। रात में वह खेत में बनी झोपड़ी में सो गए। देर रात राप्ती नदी का पानी बढ़ने से चारों ओर बाढ़ का पानी भर गया। सुबह इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने उन्हें निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक होने के कारण खेत तक पहुंचना संभव नहीं हो सका। सूचना पर एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और किसान समेत सभी 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान एसडीएम इकौना रवींद्र कुमार, तहसीलदार इकौना और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। सुरक्षित निकाले गए लोगों ने जिला प्रशासन और एसडीआरएफ जवानों का आभार जताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User