सहारनपुर में 2.25 लाख की गाभिन भैंस चोरी:CCTV से खुलासा, पुलिस ने दो आरोपी पकड़े, वाहन बरामद किया
सहारनपुर के जनकपुरी थाना क्षेत्र में घेर से भैंस चोरी के मामले का पुलिस ने सोमवार शाम चार बजे खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की भैंस और वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन बरामद किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मदपुर गाडा निवासी हसीन पुत्र अनवर और घुन्नाखंडी निवासी फैजान पुत्र मो. हासिम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मदपुर गाडा निवासी वस्फुर्रहमान उर्फ पप्पू ने 27 सितंबर को थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि घर से कुछ दूरी पर उनका घेर है, जहां पशु बांधे जाते हैं। 27 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे वह घेर में पहुंचे तो उनकी एक भैंस गायब मिली। भैंस करीब आठ महीने की गाभिन थी और उसकी बाजार कीमत लगभग 2.25 लाख रुपये बताई गई। आसपास जानकारी करने और CCTV कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि चोर भैंस को छोटा हाथी वाहन में ले गए थे। शिकायतकर्ता ने फुटेज और फोटो के आधार पर भैंस चोरी करने वाले हसीन और वाहन चालक फैजान की पहचान होने की बात पुलिस को बताई। मामले में जनकपुरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। SSP के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर जनकपुरी पुलिस ने विलेज गार्डन तिराहे के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की भैंस और वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन UK-07-CB2677 बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल मोहित और रिजर्व कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)