सहारनपुर में 35 हजार आवारा कुत्तों का एंटी रेबीज टीकाकरण:52 वार्डों में टीकाकरण, 300 दिन में सभी 70 वार्ड कवर करने का लक्ष्य

Sep 28, 2026 - 18:14
0
सहारनपुर में 35 हजार आवारा कुत्तों का एंटी रेबीज टीकाकरण:52 वार्डों में टीकाकरण, 300 दिन में सभी 70 वार्ड कवर करने का लक्ष्य
सहारनपुर शहर को रेबीज मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत नगर निगम ने एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान तेज कर दिया है। सोमवार शाम पांच बजे तक नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत महानगर के 52 वार्डों को कवर करते हुए करीब 35 हजार आवारा कुत्तों का एंटी रेबीज टीकाकरण किया जा चुका है। निगम का लक्ष्य 300 दिनों में सभी 70 वार्डों को कवर करने का है। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से अभियान लगातार जारी है। अब तक 70 में से 52 वार्डों में टीकाकरण का काम पूरा किया जा चुका है। बाकी वार्डों में भी अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। नगर निगम के अनुसार, भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक देश को रेबीज मुक्त बनाने का राष्ट्रीय लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी लक्ष्य के तहत सहारनपुर में बड़े स्तर पर आवारा कुत्तों का टीकाकरण कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य कुत्तों में रेबीज के संक्रमण की रोकथाम के साथ नागरिकों को इस जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखना है। नगर निगम का यह महाअभियान 9 जनवरी 2026 को महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगरायुक्त शिपू गिरि ने शुरू कराया था। इसके बाद से अलग-अलग वार्डों में टीमें भेजकर आवारा कुत्तों का एंटी रेबीज टीकाकरण किया जा रहा है। डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि नगर निगम सहारनपुर प्रदेश का पहला नगर निगम है, जिसने इतने बड़े स्तर पर एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान संचालित किया है। अभियान के तहत अधिक से अधिक आवारा कुत्तों को टीका लगाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि रेबीज संक्रमण की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि 300 दिन में सभी 70 वार्डों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। 52 वार्डों में अभियान पूरा होने के बाद अब शेष 18 वार्डों में भी टीकाकरण कराया जाएगा। नगर निगम ने शहरवासियों से अभियान में सहयोग की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User