सहारनपुर में उस्तरे से पत्नी की गर्दन काटने वाला गिरफ्तार:वारदात के बाद खुद पर भी किया था हमला, मेडिकल कॉलेज में छिपा मिला
सहारनपुर के नानौता में साली की शादी में पहुंचे पति ने विवाद के बाद उस्तरे से पत्नी की गर्दन काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद की गर्दन पर भी उस्तरे से हमला कर लिया। शादी वाले घर में पति-पत्नी को लहूलुहान देखकर अफरा-तफरी मच गई थी। हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति इरफान को नानौता पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब 3 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गजाला अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पति इरफान से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर इरफान ने उस्तरे से गजाला की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद की गर्दन पर भी उस्तरे से वार कर लिया था। घटना के बाद शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा 24 सितंबर 2026 को मोहम्मद इस्लाम निवासी मोहल्ला चाहमंजली कोट, थाना नानौता ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि अनवरी पत्नी उमरदराज और इरफान पुत्र उमरदराज ने षड्यंत्र के तहत उनकी बेटी गजाला की गला रेतकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मेडिकल कॉलेज परिसर में मिला आरोपी सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मुकदमे में फरार चल रहा इरफान पिलखनी स्थित शेख-उल-हिंद मौलाना हसन मेडिकल कॉलेज के परिसर में मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इरफान पुत्र उमरदराज मोहल्ला गुलशन नगर, मदरसे के पास, कस्बा कैराना, जनपद शामली का निवासी है। एसपी देहात मयंक पाठक के अनुसार आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)