शिक्षक MLC चुनाव के लिए 19 प्रत्याशियों ने नामांकन किया:अंतिम दिन 3 नेताओं ने पर्चा भरा; सपा के संजयन ने दोबारा पर्चा दाखिल किया
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन का समय पूरा हो गया है। चुनाव लड़ने के लिए 19 प्रत्याशियों ने अपना 38 सेट में नामांकन किया है। अंतिम दिन यानी 6 अक्टूबर को 3 नेताओं, चंद्रशेखर, मनोज कुमार व राकेश कुमार तिवारी ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। सपा के उम्मीदवार बनाए गए डा. संजयन त्रिपाठी ने अंतिम दिन सपा के सिंबल पर नामांकन किया। इसी तरह पिछले चुनाव में दूसरा स्थान पाने वाले अजय सिंह ने भी एक और सेट में पर्चा भरा। नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हुई थी। पहले दो दिन में 21 दावेदारों ने 50 पर्चे खरीदे थे। इनमें से 2 ने नामांकन नहीं किया। एक प्रत्याशी देशबंधु शुक्ला ने भाजपा प्रत्याशी को अपना समर्थन दे दिया है। अब 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों के वैधता की जांच होगी। 9 अक्टूबर को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। उसी दिन अपराह्न 3 बजे के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। कड़ी सुरक्षा के बीच पूरी हुई नामांकन प्रक्रिया नामांकन प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच पूरी की गई। 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक पर्चे खरीदने एवं नामांकन पत्र दाखिल करने का समय था। इस दौरान 29 व 30 सितंबर को पर्चे खरीदे गए। 1, 3, 5 व 6 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल किया गया। 2 अक्टूबर को गांधी व शास्त्री जयंती एवं 4 अक्टूबर को रविवार होने के कारण नामांकन नहीं हो सका था। अब जानिए किन प्रत्याशियों ने नामांकन किया शिक्षक एमएलसी चुनाव लड़ने के लिए भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी, सपा के डा. संजयन त्रिपाठी, अजय सिंह, डा. राकेश सिंह, राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डा. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, संगीता सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी, मनोज कुमार एवं चंद्रशेखर व रामप्रताप राम ने पर्चा भरा है। कमिश्नर न्यायालय में रिटर्निंग आफिसर एवं कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। रिटर्निंग आफिसर एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर जय प्रकाश के समक्ष उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किया। मतदाता बनने का समय भी समाप्त शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने तक मतदाता बनने का भी समय था। लेकिन यह समयसीमा अब समाप्त हो गई है। 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची भी जारी हो जाएगी। इस सूची में 17 जिलों के लगभग 54 हजार मतदाता हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी उम्मीदवार अपने प्रचार में जुट गए हैं। बैलेट पेपर पर नहीं दिखेगा राजनीतिक दलों का चुनाव चिह्न मतदान के दिन जब शिक्षक वोट देने जाएंगे तो उन्हें भाजपा या सपा का चुनाव चिह्न नजर नहीं आएगा। प्रत्याशी का नाम लिखा होगा और उसके नीचे दल का नाम लिखा होगा। यदि प्रत्याशी किसी दल से नहीं होगा तो निर्दल लिखा होगा। नाम के सामने वरीयता लिखने का स्थान होगा। 17 जिलों के मतदाता डालेंगे वोट गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 17 जिले शामिल हैं। इनमें गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, बलरामपुर, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या, श्रावस्ती, गोंडा और बहराइच शामिल हैं। इन सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 200 बूथ बनाए गए हैं, जहां लगभग 54 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। गोरखपुर जिले में 18 बूथों पर 7,241 मतदाता मतदान करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)