शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन और पदोन्नति मांगी:फतेहपुर में मुख्यमंत्री को 12 सूत्रीय ज्ञापन भेजा; टीईटी, प्रमाणपत्र जांच और तबादलों पर भी रखीं मांगें

Nov 19, 2026 - 13:37
0
शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन और पदोन्नति मांगी:फतेहपुर में मुख्यमंत्री को 12 सूत्रीय ज्ञापन भेजा; टीईटी, प्रमाणपत्र जांच और तबादलों पर भी रखीं मांगें
फतेहपुर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने गुरुवार दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह और जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में शिक्षकों ने परिषदीय शिक्षकों की लंबित मांगों पर कार्रवाई की अपील की। संघ ने कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था लागू करने के लिए शासन का आभार जताया और पुरानी पेंशन बहाल करने समेत कई मांगें उठाईं। संघ ने मांग की कि 1 अप्रैल 2005 या उसके बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए। 1 अप्रैल 2005 से पहले चयनित, लेकिन इसके बाद कार्यभार संभालने वाले शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन में शामिल करने की मांग की गई। सुप्रीम कोर्ट के 1 सितंबर 2025 के आदेश के संदर्भ में टीईटी की अनिवार्यता और पूर्वगामी प्रभाव का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने 27 जुलाई 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को पूर्वगामी प्रभाव से बाहर रखने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजने की मांग की। टीईटी से राहत, ब्रिज कोर्स की शर्त हटाने की मांग ज्ञापन में गैर-टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति सुनिश्चित करने और 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स की अंतिम परीक्षा में 50 प्रतिशत न्यूनतम अंक की शर्त हटाने की मांग की गई। इसके अलावा सभी परिषदीय शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की स्पेशल टास्क फोर्स से सामान्य जांच पर रोक लगाने की अपील की। संघ ने कहा कि प्रमाण पत्रों का सत्यापन शिकायत या जांच के मामलों में ही किया जाए। पदोन्नति और तबादलों की प्रक्रिया पूरी करने की मांग संघ ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति करने, विशेष श्रेणी के शिक्षकों की लंबित अंतर्जनपदीय तबादला सूची जारी करने और आगामी शीतकालीन अवकाश में अंतर्जनपदीय, अंतरजनपदीय व पारस्परिक तबादलों की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, चौकीदार और सफाईकर्मी नियुक्त किए जाएं अन्य मांगों में 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को चयन वेतनमान के तहत प्रोन्नत वेतनमान देने, बीएड एवं टीईटी अर्हता वाले मृतक आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति देने और प्रत्येक विद्यालय या परिसर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सफाईकर्मी व चौकीदार नियुक्त करने की मांग शामिल है। संघ ने परिषदीय शिक्षकों को द्वितीय शनिवार और उपार्जित अवकाश देने की भी मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User