SIR को लेकर चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप:बलरामपुर में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन

Sep 28, 2026 - 16:04
0
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप:बलरामपुर में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन
बलरामपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार दोपहर 2 बजे जिलाध्यक्ष शिव लाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।कांग्रेसियों ने पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम चैंबर के बाहर धरना दिया और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ‘SIR’ को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इसके जरिए विपक्षी दलों के मतदाताओं के नाम हटाकर भाजपा को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस नेताओं के हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि पिछले दिनों द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर नए सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले से ही मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा के साथ मिलीभगत के आरोप लगाते रहे हैं और SIR को विपक्ष के वोटों को प्रभावित करने की कवायद बताते रहे हैं। अनुज सिंह ने कहा कि रिपोर्ट में चुनाव आयुक्तों के बीच निर्णय प्रक्रिया को लेकर सामने आई बातों ने स्थिति को और गंभीर बनाया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के उस दृष्टिकोण का हवाला दिया, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त को ‘फर्स्ट अमंग इक्वल्स’ यानी बराबरों में प्रथम माना गया है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि अन्य चुनाव आयुक्तों की टिप्पणियों की कथित अनदेखी कर अलग निर्णय लेना संवैधानिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए देशभर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में बलरामपुर में भी कार्यकर्ताओं ने धरना देकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान अवधेश सिंह,विनय मिश्रा,पूर्व ब्लॉक प्रमुख राज बहादुर यादव,मार्कण्डेय मिश्रा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User