सीसीएसयू में हॉस्टलों के पास छलक रहे जाम:दूसरे दिन फिर परिसर में मिली शराब की बोतलें, छात्रों में आक्रोश

Nov 18, 2026 - 11:02
0
सीसीएसयू में हॉस्टलों के पास छलक रहे जाम:दूसरे दिन फिर परिसर में मिली शराब की बोतलें, छात्रों में आक्रोश
मेरठ की NAAC A++ वाली चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में हॉस्टलों के आसपास शराबखोरी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गर्ल्स हॉस्टल के नजदीक बिजलीघर के पास कथित शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार सुबह छात्रों ने केपी हॉस्टल के पास का एक और वीडियो साझा किया। इसमें शराब की खाली बोतलें और बीयर के केन पड़े दिखाई दे रहे हैं। लगातार दूसरे दिन ऐसे मामले सामने आने से छात्रों में आक्रोश है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठाए हैं। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की नसीहत देता है, लेकिन परिसर में ही कर्मचारी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर निगरानी नहीं रखी जा रही। छात्रों का कहना है कि गर्ल्स हॉस्टल के पास शराब की बोतलें मिलने और अब केपी हॉस्टल के नजदीक खाली बोतलें व बीयर केन मिलने से विश्वविद्यालय की छवि खराब हो रही है। छात्रों ने सवाल उठाया कि परिसर में जगह-जगह धूम्रपान और नशा निषेध के बोर्ड लगे हैं। इसके बावजूद हॉस्टलों के आसपास इस तरह की सामग्री कैसे पहुंच रही है। उनका कहना है कि शराब की बोतलें फेंके जाने के बाद बदनामी छात्र-छात्राओं की होती है, जबकि जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच तक नहीं होती। छात्र नेता अक्षय बैंसला समेत अन्य विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी कर्मचारी, ठेकेदार या सुरक्षा कर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। इससे पहले गर्ल्स हॉस्टल के नजदीक बिजलीघर के पास कथित शराब और नॉनवेज पार्टी का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें कुछ लोग बैठे दिखाई दे रहे थे। छात्रों ने आरोप लगाया था कि इसमें विश्वविद्यालय के कर्मचारी और ठेकेदार शामिल थे। सुरक्षा अधिकारी प्रो. दुष्यंत चौहान ने तब वीडियो को दो से तीन महीने पुराना बताया था। उन्होंने कहा था कि संबंधित स्थान को खाली कराकर वहां ताला लगवा दिया गया है। मामले में जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की बात भी कही थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User