महराजगंज की सियासत में पुराने दिग्गजों की वापसी की कोशिश:विधानसभा चुनाव की आहट के बीच पुराने नेताओं ने तेज की सक्रियता

Nov 18, 2026 - 09:38
0
महराजगंज की सियासत में पुराने दिग्गजों की वापसी की कोशिश:विधानसभा चुनाव की आहट के बीच पुराने नेताओं ने तेज की सक्रियता
महराजगंज जिले की सियासत में विधानसभा चुनाव की चर्चाएं तेज होने के साथ ही पुराने राजनीतिक चेहरों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है। कभी अपने प्रभाव, जनाधार और राजनीतिक रसूख के दम पर चुनावी समीकरण बदलने वाले कई दिग्गज आज फिर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटे हैं। किसी के सामने खोया जनाधार वापस पाने की चुनौती है तो कोई अपनी राजनीतिक विरासत को बचाए रखने की कोशिश में है। सिसवा से पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह, सदर से पूर्व विधायक श्रीपत आजाद, फरेंदा से पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह और नौतनवा के पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी जैसे नाम एक बार फिर जिले की सियासी चर्चाओं में हैं। सिसवा में शिवेंद्र सिंह की दावेदारी पर निगाहें सिसवा विधानसभा की राजनीति में शिवेंद्र सिंह उर्फ शिव बाबू कभी बड़ा नाम हुआ करते थे। करीब 35 वर्षों के राजनीतिक सफर में वह कांग्रेस, बसपा, भाजपा और सपा के टिकट पर पांच बार विधायक बने। छह बार विधायक रहने और चार बार राज्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालने का उनका दावा भी उनके लंबे राजनीतिक अनुभव को दर्शाता है। पिछले कुछ वर्षों में दल बदलने और चुनावी पराजय के बाद उनकी राजनीतिक स्थिति बदली है। वर्ष 2017 में सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के बाद 2021 में भाजपा में शामिल हुए, लेकिन 2022 में पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर चुनाव मैदान में नहीं उतरे। लेकिन अब सिसवा से चुनाव लड़कर राजनीतिक पारी का समापन करने की उनकी इच्छा ने फिर चर्चाओं को हवा दे दी है। स्थानीय नेता के रूप में अपनी पहचान और पुराने जनाधार के सहारे वह एक बार फिर सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। सदर में श्रीपत आजाद के सामने पुराना जनाधार लौटाने की चुनौती महराजगंज सदर विधानसभा की राजनीति में श्रीपत आजाद भी एक चर्चित चेहरा रहे हैं। कई चुनावों में पराजय के बाद वर्ष 2007 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर उन्होंने जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक वापसी की थी। हालांकि इसके बाद सदर की राजनीति में नए चेहरे और नए समीकरण उभरे। वर्ष 2012 में सुदामा प्रसाद और 2017 तथा 2022 में भाजपा के जयमंगल कन्नौजिया ने जीत दर्ज की। ऐसे में पुराने राजनीतिक अनुभव और कभी रहे जनाधार के सहारे श्रीपत आजाद जैसे नेताओं के लिए अपनी प्रासंगिकता साबित करना आसान नहीं होगा। फरेंदा में बजरंग बहादुर सिंह की सियासी सक्रियता फरेंदा विधानसभा में पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह का नाम भी पुराने दिग्गजों में शामिल है। वह वर्ष 2007, 2012 और 2017 में लगातार तीन बार विधायक चुने गए। हालांकि 2022 के चुनाव में कांग्रेस के वीरेंद्र चौधरी ने उन्हें पराजित कर दिया। इसके बाद से उनकी राजनीतिक सक्रियता और आगामी चुनाव में भूमिका को लेकर चर्चाएं बनी हुई हैं। वहीं पनियरा विधानसभा की राजनीति में पूर्व मंत्री फतेह बहादुर सिंह का भी लंबा प्रभाव रहा है। कई बार विधायक और मंत्री रह चुके फतेह बहादुर सिंह ने यहां से अपनी राजनीतिक पहचान बनाई थी। नौतनवा में अमरमणि परिवार की राजनीतिक विरासत पर संकट नौतनवा की राजनीति में कभी अमरमणि त्रिपाठी का एकछत्र प्रभाव माना जाता था। 1989 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधायक बने अमरमणि ने बाद में अलग-अलग राजनीतिक दलों में रहकर अपनी पकड़ मजबूत की। वर्ष 2003 में कवयित्री मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में गिरफ्तारी और बाद में आजीवन कारावास की सजा ने उनके राजनीतिक जीवन को बड़ा झटका दिया। इसके बाद पुत्र अमनमणि त्रिपाठी भी पत्नी सारा सिंह की संदिग्ध मौत से जुड़े मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना करते रहे। परिवार की लगातार चुनावी पराजयों और कानूनी मुश्किलों ने उसकी राजनीतिक विरासत को कमजोर किया है। कभी पूर्वांचल की राजनीति में प्रभावशाली माने जाने वाले इस परिवार के सामने अब अपना खोया हुआ सियासी रसूख वापस पाने की चुनौती है। बदलते समीकरण में कितनी बची है पुरानी सियासी चमक महराजगंज की पांचों विधानसभा सीटों पर राजनीतिक समीकरण लगातार बदलते रहे हैं। नए चेहरों, बदलते दलों और मतदाताओं की बदलती प्राथमिकताओं ने पुराने दिग्गजों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। ऐसे में शिवेंद्र सिंह, श्रीपत आजाद, बजरंग बहादुर सिंह और अमरमणि परिवार जैसे पुराने राजनीतिक चेहरों के लिए आगामी विधानसभा चुनाव केवल सत्ता तक पहुंचने का रास्ता नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक पहचान और वजूद बचाने की परीक्षा भी होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि पुराने अनुभव और सियासी विरासत के दम पर ये नेता फिर जनता के बीच अपनी जगह बना पाते हैं या बदलती राजनीति में नए चेहरों का दबदबा कायम रहता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User