सीतापुर में छुट्टा गोवंश के हमले में छात्र की मौत:कॉलेज से लौटते समय सीने में घुसा सींग, एक साल पहले पिता की भी हुई थी मौत

Sep 28, 2026 - 19:54
0
सीतापुर में छुट्टा गोवंश के हमले में छात्र की मौत:कॉलेज से लौटते समय सीने में घुसा सींग, एक साल पहले पिता की भी हुई थी मौत
सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र के बरसहिया गांव के पास सोमवार शाम करीब 5 बजे कॉलेज से पढ़कर घर लौट रहे एक छात्र पर निराश्रित गोवंश ने हमला कर दिया। हमले में गोवंश का सींग छात्र के सीने में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण और परिचित उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई लवकुश ने बताया कि उसका भाई कस्बे के कृषक इंटर कॉलेज में पढ़ता था। सोमवार दोपहर करीब चार बजे वह कॉलेज से पैदल अपने घर जा रहा था। बरसहिया गांव के पास पहुंचते ही रास्ते में मौजूद निराश्रित गोवंश ने अचानक उस पर हमला कर दिया। गोवंश के सींग से छात्र के सीने में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर लवकुश भी मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों और परिचितों की मदद से घायल छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले ही छात्र के पिता की भी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद क्षेत्र में निराश्रित गोवंश को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों और गांवों के आसपास घूम रहे छुट्टा गोवंश लोगों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। वही एसडीएम शैलेंद्र गौतम ने कहा कि निराश्रित गोवंश को गौशाला में होना चाहिए। मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात एसडीएम ने कही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User