सीतापुर प्रशासन ने 9 दुकानों-9 मकान पर चलवाया बुलडोजर:खेल मैदान और अस्पताल की 2.60 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त

Nov 01, 2026 - 18:53
0
सीतापुर प्रशासन ने 9 दुकानों-9 मकान पर चलवाया बुलडोजर:खेल मैदान और अस्पताल की 2.60 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त
सीतापुर के लहरपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम करस्यौरा में रविवार दोपहर करीब 3 बजे सरकारी जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में नौ दुकानों और नौ मकानों को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। प्रशासन के अनुसार, मुक्त कराई गई जमीन की कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये है। जानकारी के अनुसार, ग्राम करस्यौरा में गाटा संख्या 637 की 0.130 हेक्टेयर और गाटा संख्या 466 की 0.081 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में खेल के मैदान और अस्पताल के नाम दर्ज है। आरोप है कि इस सरकारी भूमि पर सिद्दीक, इकबाल, फिरोज, मिथिलेश, रामनरेश, जफरुल, असलम, बबलू, अशोक कुमार, मेराज और शिवराज ने अवैध कब्जा कर नौ दुकानों और नौ मकानों का निर्माण करा लिया था। मामले में तहसीलदार न्यायालय की ओर से उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत 29 अप्रैल को बेदखली का आदेश पारित किया गया था। इसके बाद संबंधित कब्जेदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे। हालांकि, निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर रविवार को प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। तहसीलदार मनीष त्रिपाठी ने बताया कि करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। सरकारी जमीनों को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सूरज भारती, राजस्व निरीक्षक गोपाल जी शुक्ला, दिनेश पांडेय, सुंदरलाल सोलंकी, शिवकुमार सिंह, लेखपाल राहुल यादव, पवन यादव समेत राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User