बरेली में 6,767 अभ्यर्थियों ने छोड़ी PET परीक्षा:23 केंद्रों पर 20,688 में से 13,921 परीक्षार्थी हुए शामिल, कड़े पहरे में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ अंतिम चरण
बरेली में रविवार, 1 नवंबर को UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के अंतिम चरण का आयोजन शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में संपन्न हुआ। जिले के 23 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 20,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 13,921 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6,767 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। बरेली में 25, 30 और 1 नवंबर पर आयोजित परीक्षा में कुल 62,328 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 41,663 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। हर पाली में 10 हजार से अधिक परीक्षार्थियों की थी व्यवस्था
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित इस परीक्षा के तहत बरेली में कुल 62,064 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। 25 और 30 अक्टूबर के बाद 1 नवंबर को अंतिम दिन की परीक्षा कराई गई। प्रत्येक पाली में 10,344 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इस बार जिले में सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जबकि पिछले साल 45 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई थी। मजिस्ट्रेट और पुलिस की त्रिस्तरीय निगरानी में हुई परीक्षा
नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़ा पहरा बैठाया था। 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 6 जोनल मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों की निगरानी करते रहे। इनके साथ रिजर्व मजिस्ट्रेट भी मुस्तैद रहे। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी की निगरानी में केंद्रों पर प्रवेश के दौरान बायोमेट्रिक और सघन जांच की गई। तय नियम के अनुसार परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए थे। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर रहे विशेष प्रबंध
अन्य जिलों से आने-जाने वाले परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए रेलवे और रोडवेज ने पुख्ता इंतजाम किए। रेलवे की ओर से तीन जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं और बरेली जंक्शन पर आरपीएफ व जीआरपी की आठ संयुक्त टीमें तैनात रहीं। अतिरिक्त टिकट काउंटरों के साथ हेल्प डेस्क भी संचालित की गई। वहीं, रोडवेज डिपो की ओर से परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए 120 अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। स्वास्थ्य व्यवस्था और निगरानी के रहे कड़े निर्देश
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हर दो परीक्षा केंद्रों के बीच एक-एक एंबुलेंस तैनात रही। बस अड्डों और रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सिटी बसें चलाई गईं। होटल, रेस्टोरेंट और ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया या खाने-पीने के अधिक दाम वसूलने पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की टीमें भी लगातार सक्रिय रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)