संभल जिला अस्पताल निर्माण में घटिया सामग्री, सुरक्षा पर सवाल::रेत में सीमेंट के कट्टे, पीली ईंटों का उपयोग; मजदूरों की सुरक्षा भी दांव पर

Oct 27, 2026 - 18:10
0
संभल जिला अस्पताल निर्माण में घटिया सामग्री, सुरक्षा पर सवाल::रेत में सीमेंट के कट्टे, पीली ईंटों का उपयोग; मजदूरों की सुरक्षा भी दांव पर
संभल के शरीफ नगर में बन रहे 100 बेड के जिला अस्पताल के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार शाम 4 बजे निर्माण स्थल पर रेत में सीमेंट के कट्टे पड़े होने और पीली ईंटों के इस्तेमाल की बात सामने आई। मौके पर कुछ मजदूर बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करते भी नजर आए। 63.25 करोड़ का प्रोजेक्ट, 49.31 करोड़ में स्वीकृत हुआ टेंडर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगस्त 2025 में संभल के जिला मुख्यालय की घोषणा के साथ जिला अस्पताल बनाने का भी ऐलान किया था। अस्पताल परियोजना की अनुमानित लागत 63.25 करोड़ रुपए बताई गई है। टेंडर 49.31 करोड़ रुपए की स्वीकृत राशि पर दिया गया है। परियोजना का निर्माण कार्य 4 फरवरी 2026 को शुरू हुआ। इसे अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। गुजरात के अहमदाबाद की एमएस एलजे पुरानी एंड एसोसिएट्स मैनेजमेंट कंसल्टेंट को टेंडर मिला है। निर्माण कार्य की देखरेख रामपुर की एस अभिलाषा एंटरप्राइजेज कर रही है। इसकी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के भवन खंड, मुरादाबाद की है। पहले भी निरीक्षण कर दिए गए थे निर्देश पिछले दिनों सीएमओ डॉ. तरुण पाठक सहित अन्य अधिकारियों ने निर्माणाधीन जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए थे। अब निर्माण स्थल पर सामग्री और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बाद कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ठेकेदार बोला- मानक के विपरीत सामग्री लौटाते हैं एस अभिलाषा एंटरप्राइजेज के प्रोजेक्ट मैनेजर गौरव यादव ने बताया कि यदि किसी खेप में मानक के अनुरूप ईंटें नहीं आती हैं, तो उन्हें तुरंत रिजेक्ट कर वापस भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सीमेंट और स्टील का इस्तेमाल लोक निर्माण विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है। इसके लिए सभी एमटीसी (मटेरियल टेस्ट सर्टिफिकेट) रिपोर्ट और दस्तावेज उपलब्ध हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर के मुताबिक, साइट पर सुरक्षा अधिकारी तैनात हैं। वे श्रमिकों की सुरक्षा और निर्माण मानकों का ध्यान रखते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User