लखनऊ में बैंक खाते से 1.93 लाख रुपए निकले:बिना अनुमति तीन अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हुई रकम, मोबाइल पर नहीं आया कोई अलर्ट

Oct 27, 2026 - 19:35
0
लखनऊ में बैंक खाते से 1.93 लाख रुपए निकले:बिना अनुमति तीन अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हुई रकम, मोबाइल पर नहीं आया कोई अलर्ट
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के खुशहालगंज निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से बिना अनुमति 1 लाख 93 हजार 888 रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के मुताबिक, 19 और 21 अक्टूबर को अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से रकम निकल गई। मामले में पीड़ित की तहरीर पर पारा थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दो अलग-अलग दिनों में निकली रकम खुशहालगंज निवासी मोहम्मद उस्मान का यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की फतेहगंज शाखा में खाता है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 अक्टूबर को उनके खाते से 98,888 रुपये और 21 अक्टूबर को दो बार में 85 हजार और 10 हजार रुपये निकल गए। आरोप है कि इन लेनदेन के संबंध में बैंक की ओर से उनके मोबाइल पर कोई मैसेज या सूचना नहीं मिली। 22 अक्टूबर को खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी होने पर उन्होंने बैंक से संपर्क किया। अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर पीड़ित के अनुसार, बैंक से मिली जानकारी में तीन अलग-अलग खातों में रकम भेजे जाने का पता चला। इनमें महाराष्ट्र बैंक के खाते में 98,888 रुपये, एक्सिस बैंक के खाते में 85 हजार रुपये और भारतीय स्टेट बैंक के खाते में 10 हजार रुपये भेजे जाने की जानकारी दी गई। साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत मोहम्मद उस्मान ने बताया कि उन्होंने साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की है। उनके पास साइबर क्राइम शिकायतों के पावती नंबर और बैंक स्टेटमेंट भी उपलब्ध हैं, जिन्हें पुलिस को दिया गया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर रकम वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि खाते से जमा पूंजी निकलने के कारण परिवार परेशान है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User