संभल का सरायतरीन बाजार विवाद:प्रशासन ने साढ़े तीन घंटे तक सुनवाई की, दुकानदारों और ठेले वालों ने भी अपनी बात रखी
संभल जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर थाना हयातनगर क्षेत्र के सरायतरीन में बाजार की जमीन और सब्जी मंडी को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को फिर प्रशासन के सामने पहुंचा। सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में दोनों पक्षों के साथ दुकानदारों और ठेले वालों ने 2 बजे पहुंचकर अपना पक्ष रखा। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीओ कुलदीप कुमार ने सभी पक्षों शाम 5:30 बजे तक सुना । अधिकारियों ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और दस्तावेजों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामला बाजारगंज निवासी जितेंद्र कुमार की जिलाधिकारी को दी गई लिखित शिकायत के बाद शुरू हुआ। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके मकान के सामने कुछ लोग फल और सब्जी के फड़ लगाकर रास्ते में अवरोध पैदा कर रहे हैं। शिकायत के बाद गुरुवार को नगर पालिका की टीम नापजोख और निशानदेही के लिए मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान वहां लगे सब्जी मंडी के ठेले हटाए जाने को लेकर विवाद हो गया। दुकानदारों की रोजी-रोटी पर पड़ेगा असर इसके बाद शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों को कार्यालय बुलाकर उनकी बात सुनी थी। विवाद के चलते उस दिन बाजार भी बंद रहा। सोमवार को दोबारा दोनों पक्षों के साथ दुकानदारों और ठेले वालों को बुलाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि सभी पक्षों को सुना गया है। मंगलवार को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा और कागजात के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। पराग वार्ष्णेय ने कहा कि सब्जी मंडी को लेकर जिलाधिकारी के यहां शिकायत की गई थी, जिसके बाद मंडी को हटा दिया गया। उनका कहना है कि दूसरे पक्ष की ओर से जमीन पर स्वामित्व का दावा किया जा रहा है, लेकिन उसके समर्थन में कोई साक्ष्य नहीं दिखाया गया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के बैनामों में दर्ज रास्ते सरकारी हैं। वहीं दुकानदार मोहम्मद कासिफ ने बताया कि उन्होंने दुकान हाफिज सईदुद्दीन से किराये पर ले रखी है। उनका कहना है कि दो पक्षों के विवाद का असर दुकानदारों की रोजी-रोटी पर पड़ रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)