संभल में 50 घंटे की बारिश से गलियां बनीं तालाब:संभल सांसद के इलाके में भरा पानी, गंदे पानी से गुजर रहे लोग, 200 से ज्यादा मकान प्रभावित
संभल में पिछले 50 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बाद शहर के गली-मोहल्लों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। संभल नगर पालिका ने सोमवार सुबह से चार मोहल्लों में चार पंप सेट लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था शुरू की, लेकिन लगातार बारिश के कारण सड़कों पर भरा पानी कम नहीं हो पा रहा है। लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर निकलना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय बहजोई से करीब 34 किलोमीटर दूर संभल नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला दीपा सराय में हालात ज्यादा खराब हैं। इसी मोहल्ले में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का आवास भी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हर बारिश में यहां जलभराव की समस्या सामने आती है। मोहल्ले में 200 से अधिक मकान हैं और करीब 1000 की आबादी प्रभावित हो रही है। लगातार बारिश से नालियां ओवरफ्लो हो गई हैं। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल खुलते ही बच्चों के सामने होगी परेशानी अत्यधिक बारिश के चलते डीएम अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर बीएसए अलका शर्मा ने सोमवार को नर्सरी से इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार को स्कूल खुलने पर बच्चों को इसी जलभराव वाली सड़क से होकर गुजरना पड़ेगा। ई-रिक्शा, बाइक और स्कूटी से आने-जाने में भी दिक्कत होगी। बोले- 8 दिन में उतरता है पानी, पंप से 2 दिन में राहत स्थानीय निवासी मास्टर अतीक अहमद ने बताया कि बारिश के बाद यहां भरा पानी सामान्य तौर पर करीब आठ दिन में उतरता है। नगर पालिका पंप सेट लगाती है तो करीब दो दिन में पानी निकल जाता है। उन्होंने कहा कि नेताओं ने यहां नाला बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ। इससे हर बारिश में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। एक घंटे की बारिश में भर जाता है पानी मोहम्मद शफीक ने बताया कि यहां एक घंटे की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी भर जाता है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को ई-रिक्शा, बाइक या स्कूटी का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल से यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। सुबह से रात तक चल रहे पंप सेट सफाई निरीक्षक आसिफ ने बताया कि लगातार बारिश हो रही है। जहां-जहां जलभराव की शिकायत मिल रही है। वहां पंप सेट लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है। सुबह से रात तक पंप सेट चलाए जा रहे हैं, ताकि जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी जल्द निकाला जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)