संभल में युवकों की गाड़ी के सामने तेंदुआ आया, VIDEO:त्योहार पर घर लौटते समय टहलता दिखा; लाइट पड़ते ही जंगल में भागा
सम्भल के बबराला क्षेत्र के मेहुआ हसनगंज गांव में तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। त्योहार पर नोएडा से घर लौट रहे युवकों की गाड़ी के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। युवकों ने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया। गाड़ी की लाइट पड़ने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। वीडियो बुधवार रात करीब 10:30 बजे सामने आया। सूचना पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी। गाड़ी के सामने आया, लाइट पड़ते ही जंगल में भागा मामला जिला मुख्यालय से करीब 38 किलोमीटर दूर तहसील गुन्नौर के बबराला थाना क्षेत्र का है। मेहुआ हसनगंज गांव के पास चार पहिया गाड़ी से जा रहे युवकों को अचानक तेंदुआ दिखाई दिया। गाड़ी में चार से पांच युवक बैठे थे। उन्होंने तेंदुए का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। रोशनी पड़ने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। वन विभाग लगाएगा कैमरे, लोगों से सतर्क रहने की अपील वन अधिकारी मनमोहन ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी मिलते ही टीम को गांव भेज दिया गया। लोगों से अपील की गई है कि जंगल की ओर अकेले न जाएं और समूह में ही निकलें। गुरुवार सुबह सर्च ऑपरेशन चलाकर जंगल में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाए जाएंगे। वीडियो बनाने वाले युवकों के नाम और वे किस गांव के रहने वाले हैं, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पहले भी कई इलाकों में दिख चुका है तेंदुआ 20 अक्टूबर: नखासा थाना क्षेत्र के बहरामपुर की मढैया में मनोज कुमार के खेत में गोवंशीय पशु के करीब दो साल के बच्चे का शव और पगचिह्न मिलने की जानकारी सामने आई थी। 3 अक्टूबर: गुन्नौर तहसील के असदपुर, ईसमपुर, दिल्लीपुर, गंगाबस फरीदपुर और मीरमपुर में तेंदुआ दिखने की सूचना से हड़कंप मचा था। 14 अक्टूबर: ऐंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के काफूरपुर गांव में तेंदुए के हमले में भैंस और नीलगाय के बच्चे के शिकार होने की जानकारी सामने आई थी। 13 सितंबर: गुन्नौर क्षेत्र के गंगावास गांव में किसान के घर की छत पर तेंदुआ चढ़ने का वीडियो सामने आया था। बाइक की रोशनी पड़ने पर वह भाग गया था। 20 अगस्त: ईसमपुर डांडा गांव में बाबा रघुवर दास आश्रम की दीवार पर तेंदुए की चहलकदमी का 9 सेकेंड का वीडियो सामने आया था। 17 फरवरी: नखासा थाना क्षेत्र के सिरसानाल के जंगल में गन्ने के खेत में तेंदुआ दिखाई देने के बाद वन विभाग ने तीन कैमरे और पिंजरा लगाया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)