MLC चुनाव- मतदाताओं के डबल नाम पर प्रशासन की चेतावनी:एक से ज्यादा वोट डालने पर होगी सख्त कार्रवाई, 23 अक्टूबर को मतदान

Oct 21, 2026 - 22:31
0
MLC चुनाव- मतदाताओं के डबल नाम पर प्रशासन की चेतावनी:एक से ज्यादा वोट डालने पर होगी सख्त कार्रवाई, 23 अक्टूबर को मतदान
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची की त्रुटियों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मतदाता सूची में नाम दोहराए जाने (डबल नाम) की शिकायतों के बीच जिला निर्वाचन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि तकनीकी या लिपिकीय भूल के कारण किसी मतदाता का नाम दो स्थानों पर दर्ज हो गया है, तो भी उसे केवल एक ही बूथ पर मतदान करना होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपमा पाण्डेय ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए बताया कि मतदाता सूची में दोहराव एक प्रशासनिक या लिपिकीय त्रुटि हो सकती है, लेकिन मतदाताओं को इसका अनुचित लाभ उठाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने से संबंधित केवल एक ही निर्धारित भाग संख्या और बूथ पर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया में भाग लें। प्रशासन ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि कोई मतदाता दो अलग-अलग बूथों या तहसीलों में जाकर दो बार मतदान करता है और इसकी सूचना प्राप्त होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह मतदान 23 अक्टूबर (शुक्रवार) को सुबह 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस द्विवार्षिक निर्वाचन को सकुशल और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए प्रयागराज जनपद में कुल 152 मतदेय स्थल (पोलिंग बूथ) बनाए गए हैं। प्रशासन ने सभी पंजीकृत स्नातक मतदाताओं से समय पर अपने बूथ पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया को निर्विघ्न संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User