संगम में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी:तुलसी-शालिग्राम का हुआ विवाह, देवोत्थान एकादशी पर मंदिरों और घरों में गूंजे मंगलगीत

Nov 20, 2026 - 14:25
0
संगम में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी:तुलसी-शालिग्राम का हुआ विवाह, देवोत्थान एकादशी पर मंदिरों और घरों में गूंजे मंगलगीत
प्रयागराज में शुक्रवार को देवोत्थान एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही संगम तट और यमुना के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। लोगों ने पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और मिष्ठान का दान भी किया गया। पर्व का मुख्य आकर्षण तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह रहा। बलुआघाट समेत शहर के विभिन्न मंदिरों और घरों में विवाह समारोह आयोजित किए गए। तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया गया। हल्दी, श्रृंगार और कन्यादान समेत विवाह की सभी परंपराएं निभाई गईं। महिलाओं ने मंगलगीत गाए। पूरा माहौल ऐसा रहा, जैसे घर में किसी बेटी का विवाह हो रहा हो। चार महीने बाद शुरू होंगे मांगलिक कार्य पंडित अनुज शास्त्री ने बताया कि देवोत्थान एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। इस दौरान विवाह समेत अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। अब शादी-विवाह, मुंडन और गृह प्रवेश जैसे आयोजनों का सिलसिला शुरू होगा। तुलसी के बिना भगवान विष्णु का भोग अधूरा पंडित अनुज शास्त्री ने बताया कि तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, वृंदा के सतीत्व और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से जुड़ी कथा के कारण हर साल तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। मान्यता है कि भगवान विष्णु को तुलसी दल के बिना भोग स्वीकार नहीं होता। बेटी की शादी की तरह निभाईं रस्में मंजू कुशवाहा ने बताया कि तुलसी विवाह के लिए घरों में विशेष तैयारियां की गई थीं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में निभाईं। चार महीने से मांगलिक आयोजनों का इंतजार कर रहे लोगों के लिए देवोत्थान एकादशी नई शुरुआत का पर्व है। गृहस्थ परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को व्रत रखा। वहीं, उदया तिथि और वैष्णव परंपरा मानने वाले कुछ श्रद्धालु शनिवार को भी व्रत रखकर पारण करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User