सोनभद्र में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन:श्रद्धा और भक्ति के साथ देर रात तक जारी रहा, जयकारों से गूंजे घाट
सोनभद्र मे शारदीय नवरात्र के दौरान पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को श्रद्धा और आस्था के बीच देर रात तक जारी रहा। जिले के राबर्ट्सगंज, घोरावल, बभनी, म्योरपुर, चोपन, ओबरा,दुद्धी, अनपरा, शक्तिनगर,रेणुकूट, बीजपुर, वैनी समेत विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद मां दुर्गा को विदाई दी। इस दौरान मां के जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। विसर्जन जुलूसों को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा।
राबर्ट्सगंज नगर के विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाए गए वाहनों पर रखकर शोभायात्रा निकाली गई। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए धंधरौल बांध पहुंचा, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी विसर्जन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह रहा। वैनी क्षेत्र में भी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
रेणुकूट क्षेत्र में बुधवार देर रात तक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। पिपरी स्थित रिहंद बांध के सामने रेणु नदी में विधि-विधान से प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया। सजे हुए वाहनों पर प्रतिमाएं लेकर निकले श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचे। इस दौरान महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रही। कई स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशियां भी मनाईं। बीजपुर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में स्थापित प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन करने के बाद श्रद्धालु विसर्जन के लिए निकले। रिहंद जलाशय और अंजीर नदी में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार और समाज की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
दुद्धी में रावण दहन के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं की शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए प्राचीन शिवाजी तालाब पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। मां को विदाई देते समय श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर आने की कामना की। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में दुर्गा पूजा उत्सव का समापन हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)