सुल्तानपुर हादसे में बस चालक के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा:2 युवकों की हुई थी मौत, एक का शव दफनाया और दूसरे को दी मुखाग्नि
सुल्तानपुर में रोडवेज बस की टक्कर से शनिवार को दो युवकों की मौत हो गई थी। देर रात करीब 12:30 बजे देवाढ घाट पर एक युवक के शव को दफनाया गया और दूसरे का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया है। शनिवार रात दोनों युवकों के शव घर पहुंचे। इसके बाद कोतवाली कादीपुर के दौलतपुर के रहने वाले दीपक विश्वकर्मा (21), पुत्र संतोष विश्वकर्मा और मालापुर चंदौली के रहने वाले मुकेश (27) की शव यात्रा निकाली गई। देवाढ घाट पर दीपक के शव को दफनाया गया, जबकि मुकेश को मुखाग्नि दी गई। दोनों युवक पदारथपुर उपाध्याय से फर्नीचर का काम करने राईबिगो जा रहे थे। इसी दौरान सुल्तानपुर से कादीपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से उनकी टक्कर हो गई। दोनों सड़क पर गिर गए थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में चोट लगने से दोनों की मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कराया। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। दीपक फर्नीचर का काम करता था। कादीपुर की मंदिर वाली गली में उसकी दुकान थी। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मां मधुबाला हैं। मुकेश भी चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। मुकेश शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं। बेटी मानवी करीब 15 साल की है और कक्षा 8 में पढ़ती है। बेटा शिवा करीब 12 साल का है और कक्षा 7 में पढ़ता है। बेटा ऋषभ करीब 11 साल का है और कक्षा 6 में पढ़ता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)