सुल्तानपुर में दुर्गा पूजा के अंतिम दिन उमड़े लाखों श्रद्धालु:नरक लोक की झांकी देखने रातभर लगी रही कतार, सोमवार को निकलेगी विसर्जन शोभायात्रा
सुल्तानपुर में दुर्गा पूजा महोत्सव का रविवार को पांचवां और अंतिम दिन रहा। इस दौरान माता के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सोमवार को दिन में हवन और रात में विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। दो दिनों तक चलने वाले विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार सुल्तानपुर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। लखनऊ नाका ओवरब्रिज के पास संतोषी माता पूजा समिति की ओर से नरक लोक की झांकी सजाई गई है। इसे देखने के लिए रातभर लोगों की कतार लगी रही। समिति के उपाध्यक्ष मनोज शुक्ला ने बताया कि संतोषी माता पूजा समिति की ओर से वर्ष 1970 से लगातार यह आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत राममूर्ति विश्वकर्मा ने की थी। आयोजन के माध्यम से लोगों को अच्छे और बुरे कर्मों के परिणामों का संदेश दिया जाता है। यमराज, तराजू और कड़ाही से दिखाए कर्मों के परिणाम झांकी में यमराज, कर्मों का संतुलन दर्शाने वाला तराजू, नरक के कंकाल और कड़ाही जैसे दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं। इनके माध्यम से बताया जा रहा है कि अच्छे कर्म करने वालों को स्वर्ग और पाप या गलत काम करने वालों को नरक मिलता है। इस प्रेरणादायक थीम को देखने के लिए सुल्तानपुर के अलावा प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ समेत दूर-दराज के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह तक झांकी स्थल पर भारी भीड़ जुटी रही। भीड़ संभालना चुनौती, प्रशासन का मिल रहा सहयोग समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन में प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। हालांकि, श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण मेले की व्यवस्थाएं संभालना चुनौतीपूर्ण रहता है। इसके बावजूद व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। समिति का उद्देश्य लोगों को ईमानदारी और अच्छे कर्म करने के लिए जागरूक करना है, ताकि वे गलत कामों से बचें और अच्छे कार्यों को अपनाएं। जगह-जगह भंडारे, युवाओं में सेल्फी का क्रेज रविवार को राहुल चौराहा, गांधी नगर, शाहगंज चौराहा, डाकखाना चौराहा और चौक ठठेरी बाजार समेत कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया। यहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, मेले में युवाओं के बीच सेल्फी लेने का क्रेज भी देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पूजा-पंडालों और आकर्षक झांकियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)