इटावा में पीईटी परीक्षा में 39% अभ्यर्थी गैरहाजिर:22 केंद्रों पर हुई पीईटी, 7,983 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा; पेपर के बाद शहर में जाम
इटावा में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) दो पालियों में 22 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच कराई गई। दोनों पालियों में पंजीकृत 20,400 अभ्यर्थियों में से 12,417 ने परीक्षा दी, जबकि 7,983 अनुपस्थित रहे। इस तरह करीब 39% अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम लग गया। ईदगाह तिराहे से शास्त्री चौराहे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। नौरंगाबाद चौराहे और रोडवेज बस स्टैंड तिराहे पर भी अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षा छूटते ही सड़कों पर बढ़ा वाहनों का दबाव पहली पाली की परीक्षा दोपहर 12:05 बजे समाप्त हुई। इसके करीब 10 मिनट बाद अभ्यर्थियों के केंद्रों से बाहर निकलने का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ ही देर में मुख्य सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई और यातायात प्रभावित होने लगा। परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थी भी जाम में फंस गए। यातायात को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। आमतौर पर रविवार को सड़कों पर कम भीड़ रहती है, लेकिन परीक्षा के चलते शहर में आवाजाही बढ़ गई। तलाशी के बाद मिला प्रवेश, केंद्रों पर रही निगरानी परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से निर्धारित थी, जबकि केंद्रों पर सुबह 8 बजे से प्रवेश शुरू कर दिया गया था। सभी केंद्रों के मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की तैनाती रही। अभ्यर्थियों को तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान भी निगरानी जारी रही और अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पहली पाली में 4,022, दूसरी में 3,961 अभ्यर्थी अनुपस्थित पहली पाली में 10,200 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,178 ने परीक्षा दी, जबकि 4,022 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 10,200 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इनमें से 6,239 परीक्षा में शामिल हुए और 3,961 अनुपस्थित रहे। इस तरह दोनों पालियों में कुल 12,417 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 7,983 परीक्षा में शामिल नहीं हुए। रेलवे स्टेशन पर बढ़ी भीड़, पुलिस ने संभाली व्यवस्था परीक्षा समाप्त होने के बाद घर लौटने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रेलवे स्टेशन पहुंचे। दोपहर में स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। अभ्यर्थी अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पहले आने वाली ट्रेनों में सवार होते दिखाई दिए। स्टेशन पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों को ट्रेनों में चढ़ने में मदद की, जिससे भीड़ को व्यवस्थित करने में सहूलियत मिली। हेल्प डेस्क पर अभ्यर्थियों ने पूछे परीक्षा केंद्रों के रास्ते अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर हेल्प डेस्क बनाई गई थीं। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के मुख्य गेट पर बनी हेल्प डेस्क पर सबसे अधिक भीड़ दिखाई दी। यहां बाहर से आए अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने का रास्ता पूछते रहे। हेल्प डेस्क के माध्यम से उन्हें केंद्रों की जानकारी और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम और एसएसपी ने 22 केंद्रों का किया निरीक्षण परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जिले के 22 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। अभ्यर्थियों ने कहा- पेपर अच्छा था, दूर के केंद्रों से हुई परेशानी परीक्षा देकर निकलीं नेहा और श्रेया ने बताया कि प्रश्न पत्र अच्छा था। कुछ सवाल घुमावदार जरूर थे, लेकिन कुल मिलाकर परीक्षा ठीक रही। उन्होंने कहा कि केंद्र पर व्यवस्थाएं अच्छी थीं और वहां तक पहुंचने में भी कोई परेशानी नहीं हुई। अभ्यर्थी अभिषेक ने बताया कि प्रश्न पत्र अच्छा था, हालांकि सामान्य अध्ययन (जीएस) के कुछ सवालों में कठिनाई हुई। केंद्र पर व्यवस्था ठीक थी, लेकिन घर से काफी दूर परीक्षा केंद्र मिलने के कारण आने-जाने में परेशानी हुई। उन्होंने सुझाव दिया कि परीक्षा केंद्र मंडल स्तर पर बनाए जाने चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े। जौनपुर के मोहम्मद नईम ने बताया कि प्रश्न पत्र उम्मीद के मुताबिक था और उसे कठिन नहीं कहा जा सकता। उन्होंने अच्छी तैयारी की थी, इसलिए परीक्षा में कोई खास दिक्कत नहीं हुई। केंद्र पर व्यवस्थाएं भी ठीक थीं, लेकिन परीक्षा केंद्र की दूरी उनके लिए परेशानी का कारण रही। पीईटी परीक्षा का आंकड़ा कुल पंजीकृत अभ्यर्थी: 20,400 पहली पाली में उपस्थित: 6,178 पहली पाली में अनुपस्थित: 4,022 दूसरी पाली में उपस्थित: 6,239 दूसरी पाली में अनुपस्थित: 3,961 कुल उपस्थित: 12,417 कुल अनुपस्थित: 7,983
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)