स्वामी अवधेशानंद जी गिरि के जीवन सूत्र:हमारी वास्तविक शक्ति हमारा मन है, मन को प्रसन्न रखने के लिए 5 बातें ध्यान रखें
मन को स्वस्थ और प्रसन्न रखें। हमारे जीवन की वास्तविक शक्ति हमारा मन है। जब मन स्वस्थ, शांत और प्रसन्न रहता है, तब जीवन में सकारात्मकता, उत्साह और उमंग का संचार होता है। इसलिए अपने मन को हमेशा अच्छे विचारों से पोषित करें। मन को प्रसन्न रखने के लिए 5 बातें ध्यान रखें… 1. मन के भ्रम और भय को दूर करें। मन में उठने वाले भ्रम, भय, संशय और नकारात्मक विचार हमारी क्षमताओं को कमजोर करते हैं। इनसे घबराने के बजाय आत्मविश्वास, विवेक और सकारात्मक चिंतन का सहारा लें। 2. भीतरी व्याकुलता और तनाव से मुक्ति पाएं। मन की शांति के लिए आवश्यक है कि हम अनावश्यक चिंताओं को छोड़ें। नियमित ध्यान, प्रार्थना, आत्मचिंतन और संयमित जीवनशैली अपनाकर मन को शांत एवं संतुलित बनाया जा सकता है। 3. श्रेष्ठ संकल्पों को जागृत करें। अच्छे संकल्प जीवन को नई दिशा देते हैं। जब व्यक्ति अपने भीतर श्रेष्ठ विचारों और ऊंचे उद्देश्यों को स्थान देता है, तब उसके व्यक्तित्व में अभूतपूर्व परिवर्तन आने लगता है। 4. अपनी अंतरशक्तियों को पहचानें। प्रत्येक मनुष्य के भीतर अपार संभावनाएं छिपी हुई हैं। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने, विकसित करने और सही दिशा में लगाने की है। स्वयं को कभी कमजोर और असमर्थ न समझें। 5. हमारे भीतर अतुलनीय तेज, अपूर्व सामर्थ्य, दिव्य प्रतिभा और अलौकिक योग्यता समाई हुई है। आत्मविश्वास, पुरुषार्थ और निरंतर अभ्यास से इन शक्तियों को प्रकट किया जा सकता है। जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद जी गिरि से आज का जीवन सूत्र जानने के लिए ऊपर दिए गए फोटो पर क्लिक करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)