विश्व रिवर्स दिवस पर संगोष्ठी आयोजित:कानपुर में छात्राओं ने लिया नदी संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण रोकने का संकल्प
कानपुर में एसएन सेन बालिका विद्यालय पीजी कॉलेज के विज्ञान संकाय की ओर से विश्व रिवर्स दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं के लिए एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चरणों में पूजन के साथ हुआ। प्राचार्या प्रो. सुमन ने संगोष्ठी की औपचारिक शुरुआत करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. गार्गी यादव ने विभिन्न प्रकार के प्रदूषकों से बचने और प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया। वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि बदलाव की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिवांगी यादव ने जल में मौजूद भारी धातुओं से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। संगोष्ठी में छात्राओं ने नदियों के महत्व, उनके प्रकार, जल प्रदूषण, प्रदूषकों से बचाव और नदी संरक्षण के उपायों पर विचार प्रस्तुत किए। जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए नए माध्यमों के उपयोग पर भी चर्चा हुई। बीएससी प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की छात्राओं कीर्ति गुप्ता, दिव्यांशी तिवारी, मानसी यादव, प्रियांशी साहू, खुशी वर्मा, मुस्कान और सोनम ने अपने विचार रखे। छात्राओं ने प्लास्टिक और पॉलीथिन को जल स्रोतों में नहीं डालने तथा इसके प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। संचालन डॉ. प्रीति सिंह ने किया। समापन पर बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा कीर्ति गुप्ता ने संगोष्ठी की आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के अलावा अन्य विषयों की छात्राओं ने भी सहभागिता की। महाविद्यालय के शिक्षकों और तृतीय-चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)