किश्तवाड़ के जंगल में मिले 2 SPO के शव, आतंकियों ने गोलियों से भूना!
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता दो विशेष पुलिस अधिकारियों के शव जंगल से बरामद हुए हैं। दोनों की गोली मारकर हत्या की गई। सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान तेज कर दिया है।
दि राइजिंग न्यूज़ | जम्मू-कश्मीर | 12 नवंबर 2026
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो लापता विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों के शव दच्छन इलाके के जंगलों में मिले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने दोनों की गोली मारकर हत्या की है। शवों पर गोलियों के कई निशान मिले हैं।
दोनों अधिकारियों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों दच्छन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान दल में तैनात थे। बुधवार को वे अपने शिविर से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी की ओर जा रहे थे, तभी लापता हो गए। उनके मोबाइल फोन भी बंद मिले थे।
गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान दोनों के शव उस स्थान से करीब दो किलोमीटर दूर मिले, जहां से वे लापता हुए थे। अधिकारियों के अनुसार, शवों के पास उनके हथियार भी नहीं मिले हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने जंगलों और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
हमलावरों का पता लगाने के लिए सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें जुटी हुई हैं। तलाशी अभियान में खोजी कुत्तों और ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)