RPF ने प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को कतार में चढ़ाया:छठ पूजा पर बढ़ी भीड़ के बीच जनरल कोच में एक-एक कर दिया प्रवेश

Nov 12, 2026 - 11:34
0
RPF ने प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों को कतार में चढ़ाया:छठ पूजा पर बढ़ी भीड़ के बीच जनरल कोच में एक-एक कर दिया प्रवेश
प्रयागराज में दीपावली के बाद छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ प्रयागराज जंक्शन पर बढ़ने लगी है। देर रात ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने भीड़ प्रबंधन अभियान चलाया। इसके तहत यात्रियों को कतारबद्ध कराकर सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों के जनरल कोच में चढ़ाया गया। साथ ही धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। RPF पोस्ट प्रयागराज के निरीक्षक प्रभारी अमित कुमार मीणा ने स्टाफ के साथ स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिन प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की अधिक भीड़ दिखाई दी, वहां पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित कराया गया। खासतौर पर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी प्रयागराज एक्सप्रेस (12417) और ट्रेन संख्या 20403 में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। RPF जवानों ने दोनों ट्रेनों के जनरल कोच के सामने यात्रियों को कतार में खड़ा कराया। इसके बाद एक-एक करके उन्हें कोच में प्रवेश दिलाया, ताकि ट्रेन में चढ़ने के दौरान धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति न बने। स्टेशन के अन्य प्लेटफॉर्मों पर भी जिन ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ अधिक थी, वहां RPF की टीम पहुंची और यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से जनरल कोच में बैठाने में मदद की। इस दौरान जवानों ने यात्रियों को समझाया कि वे जल्दबाजी न करें और कतार में लगकर ही ट्रेन में चढ़ें। साथ ही चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने से बचने की हिदायत दी। RPF की टीम ने प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी, जिससे यात्रियों का आवागमन सुरक्षित बना रहे। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के मुताबिक, दीपावली के बाद छठ पूजा के लिए बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण और यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। छठ पूजा तक प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User