20 दिन की बच्ची को दान करने पहुंची मां:अलीगढ़ में पहले 4 बच्चों का खर्च नहीं उठा पा रही, बच्ची को दूसरे परिवार को सौंपने की तैयारी

Nov 19, 2026 - 21:35
0
20 दिन की बच्ची को दान करने पहुंची मां:अलीगढ़ में पहले 4 बच्चों का खर्च नहीं उठा पा रही, बच्ची को दूसरे परिवार को सौंपने की तैयारी
पति शराब पीकर नशे में रहता है, कोई काम-धंधा नहीं करता। घर में पहले से चार बच्चों की जिम्मेदारी और ऊपर से 20 दिन पहले जन्मी पांचवीं बच्ची। आर्थिक तंगी से जूझ रही मां को बच्ची का पालन-पोषण मुश्किल लगने लगा तो वह उसे लेकर दूसरे परिवार को सौंपने के लिए नर्सिंग होम पहुंच गई। साथ में अपनी पड़ोसन को भी ले गई। डॉक्टर से बच्ची को देने की बात की तो उन्हें मामला कुछ संदिग्ध लगा। उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। गुरुवार शाम पुलिस दोनों महिलाओं को बच्ची समेत थाने ले आई। मामला जवां कस्बे के सुमेरा झाल स्थित आदिल नर्सिंग होम का है। पहले फोन पर की थी बात, फिर बच्ची लेकर पहुंची पुलिस के मुताबिक, सोनी शहर के जाकिर नगर क्षेत्र की रहने वाली है। उसके पहले से दो बेटे और दो बेटियां हैं। पति के काम न करने और शराब पीने की आदत के चलते परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। 20 दिन पहले पांचवीं संतान के रूप में बेटी पैदा हुई। इसके बाद उसके पालन-पोषण को लेकर परेशानी बढ़ गई। किसी ने सलाह दी कि बच्ची को ऐसे परिवार को दे दे, जो उसकी अच्छी परवरिश कर सके। इसी सिलसिले में बुधवार को नर्सिंग होम के डॉक्टर से किसी माध्यम से फोन पर बात हुई थी। गुरुवार को सोनी अपनी पड़ोसन रेशमा के साथ बच्ची को लेकर पहुंच गई। डॉक्टर को हुआ शक, पुलिस को बुलाया नर्सिंग होम के डॉक्टर रफीक उस समय वहां मौजूद नहीं थे। महिलाओं ने बच्ची को किसी को देने की बात कही। डॉक्टर को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस दोनों महिलाओं को बच्ची समेत थाने ले आई। शुरुआत में बच्ची को बेचने की आशंका जताई गई। पूछताछ में सोनी ने बताया कि वह आर्थिक तंगी के कारण बच्ची का पालन-पोषण नहीं कर पा रही है। उसका इरादा बच्ची को बेचने का नहीं, बल्कि किसी अच्छे परिवार को सौंपने का था। पति की तलाश, बाल कल्याण समिति को लिखेंगे पत्र पुलिस ने पूछताछ और जांच में बच्ची की मां के रूप में सोनी की पहचान की पुष्टि की। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ तृतीय सर्वम सिंह भी जवां पहुंचे और महिलाओं से पूछताछ की। सीओ के मुताबिक, सोनी के पति को तलाश कराया जा रहा है। उसके पास मोबाइल फोन भी नहीं है। पति को बुलाकर पूरे मामले में जानकारी ली जाएगी। महिलाओं से लिखित में माफीनामा लेने की बात भी कही गई है। बच्ची की सुरक्षा पर रहेगी नजर पुलिस जिला बाल कल्याण समिति को पत्र लिखेगी, ताकि बच्ची के लालन-पालन और सुरक्षा की निगरानी हो सके। पुलिस का कहना है कि बच्ची को दोबारा किसी को देने या बेचने जैसी स्थिति न बने, इसके लिए समिति की निगरानी में व्यवस्था कराई जाएगी। फिलहाल दोनों महिलाएं बच्ची के साथ थाने में हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User