श्रीराम कथा में भक्तों के लक्षण बताए:राजन महाराज बोले- सच्चा भक्त सुख में अहंकार नहीं करता, दुख में घबराता नहीं
गोंडा के जयप्रभा ग्राम में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा के तीसरे दिन गुरुवार को कथा वाचक राजन जी महाराज ने भक्तों के लक्षण बताए। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक उन्होंने भक्ति, आचरण और जीवन में सरलता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि अपने जानने में हर व्यक्ति भक्त हो सकता है, लेकिन भगवान के सच्चे भक्त की पहचान उसके आचरण और स्वभाव से होती है। सच्चा भक्त सुख मिलने पर अहंकार नहीं करता और दुख आने पर घबराता नहीं है। वह हर परिस्थिति को ईश्वर की इच्छा मानकर स्वीकार करता है। आचरण और स्वभाव से होती है सच्चे भक्त की पहचान राजन जी महाराज ने कहा कि भगवान की कथा सुनते-सुनते जब शरीर में रोमांच हो जाए और वाणी भावविभोर होकर मौन हो जाए, तब भक्ति की वास्तविक अनुभूति होती है। भगवान की कथा सुनकर भरद्वाज जी का पूरा शरीर रोमांचित हो गया था। उन्होंने कहा कि सच्चा भक्त भक्ति का दिखावा या घमंड नहीं करता। वह स्वयं को विनम्र और सरल रखता है। दूसरों का दुख देखकर द्रवित होना और उनकी सेवा करना ही सच्ची पूजा है। सच्चा भक्त दूसरों की निंदा से दूर रहता है। क्रोध के बजाय धैर्य, प्रेम और क्षमा को अपनाता है। वह फल की चिंता किए बिना अपना कर्तव्य निभाता है और कर्म भगवान को अर्पित कर देता है। सुख-दुख में अपनी भावनाओं पर रखें नियंत्रण महाराज ने कहा कि जीवन की हर बात सबके सामने नहीं रखनी चाहिए। उन्होंने समझाया कि जब कोई व्यक्ति सबके सामने रोता है तो सामने वाला उसके दुख को देखकर दुखी होने के बजाय मन ही मन प्रसन्न भी हो सकता है। इसी तरह किसी की खुशी देखकर कुछ लोग भीतर ही भीतर जलन महसूस करते हैं। इसलिए व्यक्ति को अपनी भावनाओं और व्यवहार में संतुलन रखना चाहिए। शरीर बूढ़ा हो, लेकिन मन को बूढ़ा न होने दें राजन जी महाराज ने कहा कि शरीर बूढ़ा हो जाए, लेकिन मन को कभी बूढ़ा नहीं होने देना चाहिए। जीवन में भजन हो तो बुढ़ापे में भी व्यक्ति युवा नजर आता है। उन्होंने कहा कि जीवन में जितनी बनावट करेंगे, उतनी ही मिलावट करनी पड़ेगी। इसलिए हमेशा सहज और सरल बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्ञान होने पर मनुष्य ठाकुर जी के लिए दौड़ता है, लेकिन प्रेम हो जाने पर भगवान स्वयं भक्त के लिए दौड़े चले आते हैं। भाजपा नेताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे कार्यक्रम में गोंडा भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी और बलरामपुर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों के मुताबिक, कथा में लाखों स्थानीय लोग शामिल हुए। रामकथा की 3 तस्वीरें देखिए…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)