6.49 लाख की लूट निकली फर्जी, कलेक्शन एजेंट गिरफ्तार:शाहजहांपुर में बैग में कागज रखकर रची कहानी, CCTV से खुलासा
शाहजहांपुर में स्पाइस मनी कंपनी के कलेक्शन एजेंट ने 6 लाख 49 हजार रुपए की लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। जांच में सामने आया कि बैग में नकदी की जगह कागज के टुकड़े रखे थे। पुलिस ने करीब छह घंटे की जांच के बाद एजेंट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कंपनी की रकम लौटाने के दबाव और आर्थिक नुकसान के चलते उसने लूट की झूठी कहानी बनाई थी। बैंक में रकम जमा करने जाते समय लूट की दी सूचना थाना सदर बाजार क्षेत्र के महमंद हद्दफ निवासी अयाज मोहम्मद स्पाइस मनी फिनटेक कंपनी में कलेक्शन एजेंट है। उसने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को फोन कर बताया कि वह कंपनी के 6 लाख 49 हजार रुपए बैंक में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान ककरा खुर्द स्थित नगर निगम कार्यालय के पास बाइक सवार उसका बैग लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने जांच के लिए SOG समेत पांच टीमें लगाईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले। जांच के दौरान पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। इसके बाद अयाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बैग में मिले कागज के टुकड़े, झाड़ियों से बरामद हुआ बैग पुलिस के मुताबिक, अयाज ने बैग में नकदी की जगह कागज के टुकड़े रखे थे। उसने अंकित नाम के एक दुकानदार को बताया था कि वह 6 लाख 49 हजार रुपए बैंक में जमा करने जा रहा है। इसके बाद वह ककरा पुल के पास बैग झाड़ियों में फेंककर ऐसी जगह पहुंचा, जहां आसपास CCTV कैमरे नहीं थे। वहां उसने जोर-जोर से चिल्लाकर रोना शुरू कर दिया और राहगीरों को अपने साथ लूट होने की बात बताई। इसके बाद सुबह 11:07 बजे डायल-112 पर लूट की सूचना दी। पुलिस ने अयाज की निशानदेही पर झाड़ियों से बैग बरामद कर लिया। कंपनी की ओवरड्राफ्ट लिमिट घटने से परेशान था एजेंट पुलिस के अनुसार, अयाज ने पूछताछ में बताया कि कंपनी ने उसे काम के लिए 10 लाख रुपए की ओवरड्राफ्ट लिमिट दी थी। कम कारोबार होने पर कंपनी ने उसकी लिमिट पांच लाख रुपए घटा दी थी। इस दौरान वह आर्थिक नुकसान और पैसों की तंगी से परेशान हो गया था। अयाज के मुताबिक, कारोबार में लगातार 20 से 25 हजार रुपए का नुकसान हो रहा था। अब तक उसे करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हो चुका था। उसने कंपनी की रकम से एक प्लॉट भी खरीदा था और उसे दोबारा बेचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, कंपनी का कलेक्शन हेड लगातार उससे रकम जमा करने के लिए कह रहा था, लेकिन अयाज सिर्फ भुगतान का आश्वासन दे रहा था। उसने बताया कि 19 नवंबर को सुबह करीब 10:08 बजे कलेक्शन हेड ने रकम जमा नहीं करने पर ओवरड्राफ्ट लिमिट खत्म करने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इससे परेशान होकर उसने लूट की झूठी कहानी बनाने की योजना बनाई। मोबाइल लोकेशन और CCTV से खुली पोल पुलिस ने अयाज की बताई समय-सारिणी और मोबाइल लोकेशन की जांच की। पुलिस के मुताबिक, अयाज सुबह 10:08 बजे घर से निकला, लेकिन बंधन बैंक नहीं गया। वह 10:27 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में अंकित की दुकान पहुंचा और 10:29 बजे वहां से निकला। अंकित की दुकान से कथित घटनास्थल की दूरी करीब एक किलोमीटर है। अयाज ने बताया था कि वह सुबह 11:05 बजे घटनास्थल पहुंचा। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और CDR की जांच के साथ घटनास्थल पर राहगीरों की आवाजाही का भी जायजा लिया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने लूट की सूचना को झूठा पाया। पुलिस के मुताबिक, अयाज ने पूछताछ में स्वीकार किया कि कंपनी की रकम वापस न करनी पड़े, इसलिए उसने लूट की झूठी कहानी बनाई थी। पुलिस ने शाम करीब सात बजे मामले का खुलासा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)