मेरठ में प्रदूषण का उतार-चढ़ाव जारी:सुबह शाम स्माॅग की चादर के साथ दिन में मौसम साफ
मेरठ में प्रदूषण का स्तर लगातार उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रहा है। दिन में धूप निकलने से हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार दिखाई दे रहा है, लेकिन सुबह और शाम के समय स्मॉग लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम में ठंड बढ़ने के साथ हवा में प्रदूषक तत्वों का असर भी महसूस होने लगा है। इसी क्रम में बीते दिन भी मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 188 अंक दर्ज किया गया। शहर में अलग-अलग इलाकों की हवा की गुणवत्ता में भी अंतर देखने को मिला। सेक्टर-4, सी शताब्दीनगर में एक्यूआई 212 अंक दर्ज किया गया। वहीं, पल्लवपुरम में 195, एमआईटी कॉलेज में 192, गंगानगर में 182 और जयभीम नगर में 164 अंक रहा। शताब्दीनगर में प्रदूषण का स्तर शहर के अन्य निगरानी केंद्रों के मुकाबले अधिक रहा। आसपास के जिलों में भी प्रदूषण का असर बना हुआ है। गाजियाबाद का एक्यूआई 232 अंक के साथ सबसे अधिक रहा। बागपत में 199, मुजफ्फरनगर में 191 और शामली में 190 अंक दर्ज किया गया। इससे साफ है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हवा की गुणवत्ता अभी संतोषजनक नहीं है। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार, फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। अगले दो से तीन दिनों तक प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। रात के तापमान में और गिरावट आने से ठंड बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सुबह और शाम बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड के साथ प्रदूषण से भी बचाव करना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)