10 लाख तक के बकाये पर ब्याज और अर्थदंड माफ:व्यापारियों को मिला मौका, योजना में अभी भी 2 महीने का समय बाकी

Nov 20, 2026 - 08:54
0
10 लाख तक के बकाये पर ब्याज और अर्थदंड माफ:व्यापारियों को मिला मौका, योजना में अभी भी 2 महीने का समय बाकी
कन्नौज में बकाया कर जमा करने में राहत पाने के लिए व्यापारियों और उद्यमियों के पास अच्छा मौका है। वाणिज्य कर विभाग की ओर से संचालित ब्याज माफी योजना-2026 के तहत 10 लाख रुपये तक के बकाये पर मूल कर जमा करने पर 100 प्रतिशत ब्याज और अर्थदंड माफ किया जाएगा। योजना की जानकारी देते हुए एडीएम रतन ने व्यापारियों और उद्यमियों से इसका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक बकायेदार व्यापारी योजना का लाभ ले सकें। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। राज्यकर उपायुक्त मो. नाजिम ने बताया कि योजना के तहत 31 दिसंबर 2025 तक सृजित 10 लाख रुपये तक के बकाये पर मूल कर की पूरी धनराशि जमा करने के बाद 100 प्रतिशत ब्याज और अर्थदंड माफ करने का प्रावधान है। यह योजना उत्तर प्रदेश बिक्री कर, केंद्रीय बिक्री कर, उत्तर प्रदेश आमोद एवं पणकर, मनोरंजन कर, उत्तर प्रदेश व्यापार कर, केबिल टेलीविजन नेटवर्क कर, प्रवेश कर और मूल्य संवर्धित कर (वैट) के बकायों पर लागू होगी। खास बात यह है कि ऐसे व्यापारी भी योजना का लाभ उठा सकेंगे, जिन्होंने योजना लागू होने से पहले मूल बकाया धनराशि का पूरा या कुछ हिस्सा जमा कर दिया है। शासन ने 16 अक्टूबर 2026 से तीन महीने के लिए योजना लागू की है। ऐसे में पात्र बकायेदारों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन करना होगा। योजना का लाभ लेने के लिए व्यापारियों को विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया या योजना से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए राज्य कर कार्यालय कन्नौज में स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने व्यापारियों से समय रहते आवेदन कर ब्याज और अर्थदंड में शत-प्रतिशत छूट का लाभ उठाने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User