लखनऊ में चलती कार में ब्यूटीशियन से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या
दि राइजिंग न्यूज। लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में एक ब्यूटीशियन के साथ चलती कार में दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।
दि राइजिंग न्यूज। लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में एक ब्यूटीशियन के साथ चलती कार में दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।
मेंहदी लगाने के बहाने बुलाया, रास्ते में वारदात
घटना के मुताबिक, रामदासपुर गांव निवासी सुधांशु ने ब्यूटीशियन को मेहंदी लगाने के बहाने रात लगभग 1 बजे फोन कर बुलाया। लाल रंग की कार से तीन युवक – अजय, विकास और आदर्श – उसे और उसकी बहन को लेने पहुंचे।
ब्यूटीशियन ने घर पर मेहंदी लगाई, जिसके बाद जब दोनों बहनें कार से वापस लौट रही थीं, तभी चलती गाड़ी में दुष्कर्म की कोशिश की गई। दोनों ने जब विरोध किया, तो ब्यूटीशियन पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली और उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई।
साक्ष्य छिपाने की कोशिश, हादसे का बहाना
घटना को छिपाने के प्रयास में आरोपियों ने कार को एक मकान से टकरा दिया, जिससे गाड़ी पलट गई। हादसे में पीड़िता की बहन कार में फंस गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
आरोपियों ने जाते-जाते पीड़िता की बहन को धमकी दी कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया, तो उसके और उसके परिवार की जान ले ली जाएगी।
पुलिस कार्रवाई जारी, एक आरोपी हिरासत में
पीड़िता के पति मौनी लाल की तहरीर पर बंथरा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य अभी भी फरार हैं। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, पीड़िता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
यह मामला महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़ा करता है। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह इस जघन्य अपराध के दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलवाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।