मुर्शिदाबाद हिंसा में केंद्रीय बलों की तैनाती, 2 की मौत, 118 गिरफ्तार
दि राइजिंग न्यूज। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। बीजेपी नेता और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने हिंसा-प्रभावित इलाकों में केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश दिया है। राज्य सरकार की आपत्ति के बावजूद अदालत ने यह आदेश दिया। डीजीपी को निर्देश दिया गया है कि वे दो घंटे के भीतर मुर्शिदाबाद पहुंचें।

हिंसा में पिता-पुत्र की हत्या
पीटीआई के अनुसार, मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज इलाके के जाफराबाद में एक उन्मादी भीड़ ने एक ही परिवार के पिता और पुत्र की बेरहमी से हत्या कर दी। चाकुओं से किए गए हमले के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने पहले उनके घर में लूटपाट की और फिर जानलेवा हमला किया।
शनिवार सुबह धूलियान इलाके में भी हिंसा जारी रही, जहां एक व्यक्ति को गोली लगी। शुक्रवार को सूती और शमशेरगंज क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर हिंसा देखी गई थी।
सुवेंदु अधिकारी ने एनआईए जांच की मांग की
बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रेलवे संपत्ति को हुए नुकसान की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद बांग्लादेश सीमा से सटा संवेदनशील इलाका है, और यहां हुई हिंसा में किसी बड़ी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में एनआईए जैसी एजेंसी से निष्पक्ष और गहराई से जांच जरूरी है।
अब तक 118 लोग गिरफ्तार
राज्य के डीजीपी राजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) जावेद शमीम ने बताया कि अब तक 118 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चार राउंड फायरिंग की, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं।
इलाके में अब भी तनाव कायम
प्रशासन ने हिंसा की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और दोषियों की तलाश जारी है। फिलहाल शमशेरगंज और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है।