प्यार, भरोसा और 30 करोड़ की लॉटरी का धोखा – एक प्रेमी की सबसे बड़ी हार
दि राइजिंग न्यूज। विनिपेग, कनाडा। 1 जून, 2025 । कहते हैं, प्यार अंधा होता है, लेकिन कभी-कभी यह अंधापन इतना महंगा पड़ता है कि इंसान जीवन भर किसी पर भरोसा नहीं कर पाता। ऐसा ही एक दिल तोड़ देने वाला मामला सामने आया है कनाडा के विनिपेग शहर से, जहां एक युवक का प्यार, भरोसा और किस्मत – तीनों उसे अकेला छोड़ गए।
दि राइजिंग न्यूज। विनिपेग, कनाडा। 1 जून, 2025 ।
कहते हैं, प्यार अंधा होता है, लेकिन कभी-कभी यह अंधापन इतना महंगा पड़ता है कि इंसान जीवन भर किसी पर भरोसा नहीं कर पाता। ऐसा ही एक दिल तोड़ देने वाला मामला सामने आया है कनाडा के विनिपेग शहर से, जहां एक युवक का प्यार, भरोसा और किस्मत – तीनों उसे अकेला छोड़ गए।
लॉरेंस कैंपबेल, जिन्होंने हाल ही में कनाडा की एक लॉटरी में 30 करोड़ रुपये (CA$5 मिलियन) जीते थे, अब कोर्ट में अपनी प्रेमिका पर धोखाधड़ी का केस लड़ रहे हैं — क्योंकि वो सारा पैसा लेकर किसी और के साथ फरार हो गई।
"पहचान नहीं थी, इसलिए भरोसे को दस्तखत बना दिया"
2024 में जब लॉरेंस की किस्मत चमकी और उन्होंने विजेता लॉटरी टिकट खरीदी, तब उनके पास कोई वैध ID नहीं थी। अधिकारियों ने उन्हें सलाह दी कि वे किसी और के नाम से पैसा क्लेम करवा लें। लॉरेंस ने अपने दिल की सुनी — और अपने प्यार पर भरोसा किया। उन्होंने क्रिस्टल एन मैके, अपनी गर्लफ्रेंड, के नाम से पैसा क्लेम कराया।
उन दिनों दोनों साथ रह रहे थे। लॉरेंस का कहना है कि वे करीब डेढ़ साल से रिश्ते में थे और एक-दूसरे के लिए पूरी तरह कमिटेड थे। बैंक खाता न होने के कारण उन्होंने क्रिस्टल के खाते में पूरी राशि जमा करने की इजाजत दे दी।
तस्वीरों में प्यार, पर सच्चाई में फरेब
जीत के बाद, दोनों ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें वे टिकट के साथ नजर आ रहे थे। क्रिस्टल ने ओवरसाइज चेक के साथ फोटो भी खिंचवाई। वह तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर धोखे की गवाही बन चुकी हैं। लॉरेंस का कहना है कि उस समय क्रिस्टल थोड़ी असहज जरूर लग रही थीं, लेकिन उन्होंने इस पर ज़्यादा ध्यान नहीं दिया।
कॉल ब्लॉक, सोशल मीडिया से गायब, और नया बॉयफ्रेंड
कुछ ही दिन बाद, क्रिस्टल अचानक गायब हो गईं। होटल छोड़कर चली गईं और लॉरेंस के कॉल, मैसेज, सोशल मीडिया – सब ब्लॉक कर दिया। जब लॉरेंस ने पता लगाया, तो पता चला कि वो अब किसी और शख्स के साथ रह रही हैं। बर्थडे गिफ्ट के नाम पर जीवन भर की कमाई उड़ गई।
इतना ही नहीं, क्रिस्टल ने लॉरेंस के खिलाफ सुरक्षा आदेश (protection order) तक निकलवा लिया।
अब कोर्ट ही आखिरी उम्मीद
लॉरेंस ने अब मैनिटोबा की कोर्ट ऑफ किंग्स बेंच में न सिर्फ क्रिस्टल पर, बल्कि वेस्टर्न कनाडा लॉटरी कॉर्पोरेशन और मैनिटोबा लिकर एंड लॉटरीज पर भी मुकदमा किया है। उनका कहना है कि लॉटरी अधिकारियों ने उन्हें गलत सलाह दी और नाम पर क्लेम करने के जोखिम को लेकर कोई स्पष्ट चेतावनी नहीं दी।
सबक – प्यार में भरोसा करें, लेकिन दस्तावेजों पर भी करें दस्तखत
यह कहानी केवल लॉटरी या पैसे की नहीं है, यह एक ऐसे इंसान की है जिसने प्यार पर भरोसा किया, लेकिन विश्वास का बदला मिला धोखे से। यह उन सभी के लिए एक चेतावनी है जो रिश्तों में आंख मूंदकर सबकुछ सौंप देते हैं।