आगरा के खिलाड़ियों में आईपीएल सूची में कौन हुआ रिलीज:ध्रुव जुरेल, कार्तिक और राहुल चाहर अपनी-अपनी टीम में बरकरार, नीलामी का हिस्सा बनेंगे दीपक
आगरा के क्रिकेट प्रेमियों के लिए मंगलवार की रात हैरानी भरी रही। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 के लिए टीमों ने अपनी रिटेन और रिलीज सूची मंगलवार रात जारी की है। इसमें आगरा के शामिल क्रिकेटरों को लेकर संतुलित खबर आई है। मुंबई इंडियंस ने स्विंग गेंदबाज दीपक चाहर को रिलीज कर दिया, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने लेग स्पिनर राहुल चाहर और बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को और राजस्थान रॉयल्स ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को रिटेन किया है। यह रिटेंशन डेडलाइन 17 नवंबर की रात समाप्त हुई। सभी 10 टीमों ने अपनी सूचियां जारी कर दी हैं। जिसमें क्रिकेट प्रेमियों के लिए दीपक का ऑक्शन में जाना और राहुल, कार्तिक तथा ध्रुव का अपनी टीमों में बने रहना मुख्य बात रही है। अब मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होगा, जिसमें रिलीज हुए दीपक चाहर शामिल होंगे। कार्तिक शर्मा जिन्होंने आगरा में दीपक चाहर के पिता की अकादमी में प्रशिक्षण लिया है। इन्हें स्थानीय स्तर पर आगरा से जुड़ा खिलाड़ी माना जाता है, चेन्नई सुपर किंग्स में रिटेन रहे हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने 11 मैचों में 295 रन बनाए (स्ट्राइक रेट करीब 136 रहा था) और दो अर्धशतक जड़े। सीएसके ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये की कीमत पर बरकरार रखा है। वे राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में उभर रहे हैं। दीपक चाहर को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में 9.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल 2026 में उन्होंने 8 मैच खेले और 8 विकेट लिए। टीम ने अर्शदीप सिंह को पंजाब किंग्स से ट्रेड में लाने के बाद दीपक को रिलीज करने का फैसला किया। अब वे 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले मिनी ऑक्शन में शामिल होंगे और जिसमें उन्हें खरीदार मिल सकता है। राहुल चाहर, जो दीपक के चचेरे भाई हैं। वे चेन्नई सुपर किंग्स में बरकरार हैं। सीएसके ने उन्हें आईपीएल 2026 ऑक्शन में 5.20 करोड़ रुपये में खरीदा था और 2027 के लिए भी रिटेन किया है। उनकी लेग स्पिन गेंदबाजी CSK की योजनाओं का हिस्सा बनी हुई है। ध्रुव जुरेल राजस्थान रॉयल्स में रिटेन रहे हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने 16 मैचों में 515 रन बनाए (स्ट्राइक रेट 154.7 के आसपास रहा) और फिनिशर के रूप में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। राजस्थान रायल्स ने उन्हें 14 करोड़ रुपये की कीमत पर बरकरार रखा है। वे लगातार भारत की टेस्ट और टी20 टीम का भी हिस्सा हैं, बेहतर प्रदर्शन कर खुद की प्रतिभा को साबित कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)