डीएम ने राजनेताओं को सौंपी विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची:4 विशेष अभियान में 16 तक नाम शामिल होंगे, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन
यूपी में मतदाताओं के नाम कटने और एसआईआर में हटाने की चर्चाओं के बीच निर्वाचन आयोग ने फिर से मतदाताओं को अपना नाम शामिल कराने का अवसर दिया है। इसके लिए 20 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर पर 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा। मंगलवार की शाम जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सूची का प्रकाशन किया। सभी राजनीतिक दलों को आलेख्य मतदाता सूची और पूरक सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर नागरिक अपनी और परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की जांच कर लें। इसमें नाम, आयु, फोटो और अन्य विवरणों की शुद्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। मतदाता सूची में किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति या अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरा जा सकेगा। वहीं, नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। चार विशेष अभियान में बूथों पर बीएलओ पुनरीक्षण अभियान के तहत 21 व 22 नवंबर और 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। आलेख्य मतदाता सूची वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in और जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट varanasi.nic.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा संबंधित मतदेय स्थलों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में भी सूची देखी जा सकती है। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। इसलिए सभी लोग निर्धारित अवधि में अपने विवरण की जांच कर आवश्यक आवेदन अवश्य करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)