आगरा में आम आदमी का चालान,साहब की गाड़ी बेलगाम:फिटनेस-बीमा खत्म फिर भी सड़क पर दौड़ रहीं 411 सरकारी गाड़ियां
आगरा में आम आदमी की गाड़ी की फिटनेस या बीमा एक दिन भी खत्म हो जाए तो सड़क पर निकलते ही चालान और सीज होने का डर सताने लगता है। लेकिन जिले में नियम बनाने वाले हुक्मरान ही नियमों को धुएं में उड़ा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के विभागों की 411 गाड़ियां फिटनेस की मियाद खत्म कर चुकी हैं। इनमें कई वाहनों का बीमा भी समाप्त हो चुका है, फिर भी ये धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ रही हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सीएमओ कार्यालय, सीआईएसएफ और पुलिस विभाग समेत कई बड़े विभागों के वाहन इस सूची में शामिल हैं। संभागीय परिवहन विभाग ने फिटनेस समेत परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की वैधता समाप्त होने पर 254 गाड़ियों के संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। ताज सुरक्षा की गाड़ियां भी अनफिट
नियम तोड़ने में ताज सुरक्षा कार्यालय भी पीछे नहीं है। कार्यालय की गाड़ी यूपी 80 एजी 0564 की बीमा, फिटनेस और परमिट समेत सभी दस्तावेजों की वैधता समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद यह सड़क पर दौड़ रही है। ताज सुरक्षा कार्यालय की दूसरी गाड़ी यूपी 80 एजी 0646 टाटा सूमो की भी बीमा, फिटनेस और अन्य दस्तावेजों की वैधता समाप्त हो चुकी है। आरटीओ बोले - नोटिस भेजे हैं
आरटीओ प्रवर्तन अखिलेश द्विवेदी का कहना है कि जिन वाहनों की फिटनेस समाप्त होती है, उनके संचालकों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाते हैं। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश भी भेजा जाता है। समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के चालान और सीज करने की कार्रवाई की जाती है। फिटनेस में इन बिंदुओं की होती है जांच
वाहन की फिटनेस जांच में ब्रेक और स्टीयरिंग की स्थिति, टायरों की दशा और घिसावट, हेडलाइट, इंडिकेटर और अन्य लाइटें, हॉर्न, रियर व्यू मिरर, वाइपर, स्पीडोमीटर, साइलेंसर, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र और उत्सर्जन, विंडस्क्रीन, सुरक्षा उपकरण और रिफ्लेक्टर की जांच होती है। न मानने पर हो सकती है कैद
केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली के नियम 62 के अनुसार परिवहन वाहनों के लिए फिटनेस प्रमाणपत्र जरूरी है। नए परिवहन वाहन का प्रारंभिक फिटनेस प्रमाणपत्र दो साल के लिए होता है। आठ साल तक पुराने वाहनों का फिटनेस नवीनीकरण दो साल के लिए और आठ साल से अधिक पुराने वाहनों का हर साल कराना होता है। फिटनेस परीक्षण में वाहन का निर्धारित तकनीकी मानकों पर खरा उतरना जरूरी है। फिटनेस और बीमा समाप्त होने पर जुर्माने का प्रावधान है। इसमें एक वर्ष की कैद भी हो सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)