साइबर क्राइम में UP नंबर-1, हर महीने ₹100 करोड़ ठगी:न लिंक पर क्लिक, न OTP बताया फिर भी फोन-वॉट्सएप हैक; क्या है खेल
मान लीजिए, आपका फोन आपकी जेब में रखा है। आपने न किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया, न किसी को OTP बताया और न ही कोई संदिग्ध कॉल उठाई। फिर भी, अचानक दोस्तों-रिश्तेदारों के फोन आने लगते हैं कि "भाई, तुम्हें पैसों की क्या जरूरत पड़ गई?" आप हैरान होकर वॉट्सएप खोलते हैं। लेकिन, वहां न कोई मैसेज भेजा गया है और न ही कोई चैट दिख रही है। यह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि यूपी में तेजी से फैल रहे साइबर अपराध का नया चेहरा है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस साल जनवरी से जून तक यूपी में साइबर फ्रॉड की 1.85 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं। ये देश में सबसे ज्यादा है। जबकि, प्रदेश में हर महीने औसतन 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी हो रही है। आखिर बिना लिंक क्लिक किए या OTP बताए फोन-वॉट्सएप कैसे हैक होते हैं? हैकर आपके ही नंबर से मैसेज भेजता है और भनक तक नहीं लगती, ऐसा क्यों? जानेंगे आज यूपी एक्सप्लेनर में… सवाल 1: बिना लिंक पर क्लिक किए या बिना OTP बताए फोन कैसे हैक हो जाता है? जवाब: इस तरह की साइबर ठगी को जीरो क्लिक अटैक कहा जाता है। यह तरीका बेहद महंगा और हाईटेक है। इसमें हैकर सिर्फ एक मिस्ड कॉल या खास तरह की डेटा फाइल भेजकर फोन के सॉफ्टवेयर की किसी खामी का फायदा उठाता है। इसके बाद बिना कुछ भी क्लिक किए फोन हैक हो जाता है। सवाल 2: हैकर जो वॉट्सएप चैट करता है उसके नोटिफिकेशन और मैसेज यूजर के फोन में नहीं दिखते। ये कैसे होता है? जवाब: यूपी पुलिस के साइबर सिक्योरिटी एडवाइजर राहुल मिश्रा के मुताबिक ऐसे मामले में हैकर्स वॉट्सएप के 'लिंक्ड डिवाइसेस' फीचर और चैट सेटिंग्स के जरिए ऐसा करते हैं। जब वॉट्सएप हैकर के कंप्यूटर या दूसरे फोन से जुड़ जाता है, तो वह हमारे फोन में बिना कोई सबूत छोड़े हमारे कॉन्टेक्ट लिस्ट के किसी भी व्यक्ति से चैट कर सकता है। यह पूरा काम पर्दे के पीछे कैसे होता है। इसे आसान भाषा में समझिए… फोन पर नोटिफिकेशन न आना: जब हैकर अपने कंप्यूटर से किसी को मैसेज करता है, तो वह तुरंत उस चैट के नोटिफिकेशन को म्यूट कर देता है। इससे जब उधर से रिप्लाई आता है, तो उसका नोटफिकेशन मुख्य फोन पर नहीं आता है। भेजे गए मैसेज न दिखना: वॉट्सएप की एक खासियत है कि अगर एक ही अकाउंट दो जगह (आपके फोन और हैकर के कंप्यूटर पर) चल रहा है, तो एक जगह से डिलीट किया गया मैसेज दूसरी जगह से भी हट जाता है। हैकर जैसे ही हमारे किसी परिचित को पैसे मांगने का मैसेज भेजता है और उसका रिप्लाई पढ़ लेता है, वह तुरंत अपने कंप्यूटर से उन मैसेज को डिलीट फॉर मी कर देता है। चूंकि दोनों डिवाइस इंटरनेट से जुड़े होते हैं, इसलिए हैकर के डिलीट करते ही वह मैसेज हमारे फोन से भी तुरंत गायब हो जाता है। सवाल 3: यह कैसे पता करें कि फोन हैक हो गया है? जवाब: हैकर जब फोन से डेटा चुराता है, तो फोन के सिस्टम पर दबाव पड़ता है। इससे कुछ संकेत मिलने लगते हैं… सवाल 4: फोन या वॉट्सएप हैक हो जाए तो सबसे पहले क्या करें? जवाब: अगर आपका फोन या वॉट्सएप हैक हो जाए, तो बिना घबराए सबसे पहले हैकर का कनेक्शन काटें। सबसे पहले अपने फोन का मोबाइल डेटा और वाई-फाई बंद करें या फोन को एयरप्लेन मोड पर डाल दें। इससे हैकर का फोन से कंट्रोल टूट जाएगा। बैंक खाते और ईमेल सुरक्षित करें: बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल करके या किसी दूसरे सुरक्षित फोन से नेट बैंकिंग और UPI को अस्थायी रूप से ब्लॉक करवा दें। किसी दूसरे सुरक्षित फोन या कंप्यूटर से अपने मुख्य ईमेल, बैंक एप्स और सोशल मीडिया के पासवर्ड तुरंत बदल दें। दोस्तों और परिवार को सतर्क करें: अपने परिवार, दोस्तों और ऑफिस के लोगों को फोन या मैसेज करके तुरंत बता दें कि आपका वॉट्सएप या फोन हैक हो गया है। उनसे कहें कि आपके नंबर से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज या अनजान लिंक पर भरोसा न करें। फैक्ट्री रीसेट करें: अगर पूरा फोन हैक हुआ है, तो अपने जरूरी फोटो और नंबरों का बैकअप लेकर फोन को फैक्ट्री रीसेट (पूरा फॉर्मेट) कर दें। यह फोन में छिपे किसी भी वायरस को पूरी तरह से हटाने का सबसे पक्का तरीका है। साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज करें: अगर आपके बैंक खाते से पैसे कटे हैं या आपके नाम का गलत इस्तेमाल हो रहा है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सवाल 5: फोन हैक न हो इसके लिए क्या सावधानी रखें? जवाब: इसके लिए फोन की कुछ जरूरी सुरक्षा सेटिंग्स को चालू काफी है। ज्यादातर साइबर हमले जल्दबाजी या अनजान फाइलें खोलने की वजह से होते हैं। 1. अनजान लिंक और फाइलों से बचें वॉट्सएप या SMS पर आने वाले किसी भी फ्री रिचार्ज, सरकारी योजना, बिजली बिल, बैंक KYC या लॉटरी के अनजान लिंक को कभी न खोलें। वॉट्सएप पर शादी के कार्ड, ट्रैफिक चालान या बैंक स्टेटमेंट के नाम से आने वाली किसी भी .apk फाइल को कभी इंस्टॉल न करें। हमेशा गूगल प्ले स्टोर या एप्पल एप स्टोर से ही एप डाउनलोड करें। 2. जरूरी सेटिंग्स करें वॉट्सएप की सेटिंग>स्टोरेज एंड डेटा में जाकर फोटो, वीडियो और डॉक्यूमेंट का ऑटो-डाउनलोड बंद कर दें। जैसे ही फोन या किसी एप का अपडेट आए, उसे तुरंत इंस्टॉल करें। एक-दो दिन में फोन को बंद करके दोबारा चालू (रिस्टार्ट) करें। इससे फोन की अस्थायी मेमोरी में छिपे वायरस अपने आप खत्म हो जाते हैं। 3. इंटरनेट और चार्जिंग सेफ्टी रेलवे स्टेशन, होटल या कैफे के फ्री वाई-फाई से कभी भी बैंक एप या UPI का इस्तेमाल न करें। चार्जिंग पॉइंट में सीधे डेटा केबल लगाकर फोन चार्ज करने के बजाय हमेशा अपने चार्जर के एडॉप्टर (प्लग) का उपयोग करें। ---------------------------------------- आपका विधायक काम करता है या नहीं, सर्वे में बताइए… आपके विधायक को क्या दोबारा टिकट मिलना चाहिए? कुछ काम कराया या सिर्फ बातें की, 30 सेकंड में बनाएं रिपोर्ट कार्ड…सर्वे में हिस्सा लेने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)