आगरा: परिषदीय विद्यालयों में कल तक जमा करने हाेंगे दस्तावेज:शैक्षिक और सेवा अभिलेख जमा करने के बाद होगा सत्यापन, तीन आधार पर तय होगी वरिष्ठता
आगरा में परिषदीय विद्यालयों में पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए विभाग ने अभिलेख जमा करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर तय की है। सभी पात्र शिक्षक गुरुवार को सुबह 10 बजे से अशोक नगर स्थित कार्यालय में अपने शैक्षिक और सेवा संबंधी दस्तावेज जमा करेंगे। दस्तावेज जमा होने के बाद विभाग उनकी जांच और सत्यापन करेगा। सत्यापन में शिक्षकों के नियुक्ति पत्र, शैक्षिक योग्यता, टीईटी, स्पेशल टीईटी संबंधी स्थिति और सेवा विवरण की जांच की जाएगी। साथ ही यह देखा जाएगा कि शिक्षक की मूल नियुक्ति किस जनपद और किस तिथि को हुई थी। प्राथमिक स्तर की पदोन्नति के लिए प्राथमिक टीईटी तथा जूनियर स्तर के लिए संबंधित जूनियर टीईटी की अनिवार्यता भी जांच के दायरे में रहेगी। ये होंगे वरिष्ठता निर्धारण के तीन मुख्य आधार: पहला: प्रथम नियुक्ति और उससे जुड़े अभिलेखों के आधार पर वरिष्ठता निर्धारित की जाएगी। दूसरा: मृतक आश्रित कोटे में फरवरी 2002 से 2011 तक नियुक्ति प्राप्त शिक्षकों को प्रशिक्षण मुक्ति तिथि, उसके बाद बीटीसी परिणाम घोषित होने की तिथि को वरिष्ठता का आधार माना जाएगा। तीन: दूसरे जनपद से स्थानांतरित होकर आगरा आए शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश और कार्यभार ग्रहण संबंधी अभिलेखों की जांच की जाएगी, जिससे उनकी सेवा अवधि और वरिष्ठता सही तय हो सके। जिस दिन आगरा में ज्वाइन किया होगा, उसी दिन से वरिष्ठता मान्य होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)