आजम खां के बचाव में गवाह कामरान पेश:रामपुर में अदालत में बयान दर्ज हुए, साल 2016 का है मामला
रामपुर में सपा नेता आजम खां के खिलाफ डूंगरपुर प्रकरण में अदालत में सुनवाई हुई। आजम खां के बचाव में उनके अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने कामरान को गवाही के लिए शुक्रवार की दोपहर 12 बजे पेश किया। गवाह ने शुक्रवार दोपहर तीन बजे अपने बयान में आजम खां का बचाव किया। हालांकि, गवाही की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। गवाह के बयान दर्ज किए गए हैं। अब अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता गवाह से जिरह करेंगे। डूंगरपुर प्रकरण वर्ष 2016 का है। उस समय प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और आजम खां कैबिनेट मंत्री थे। उन्होंने पुलिस लाइन के पास डूंगरपुर में गरीबों के लिए आसरा आवास बनवाए थे। आरोप है कि यहां पहले से बने कुछ मकानों को सरकारी जमीन पर बताकर ध्वस्त कर दिया गया था। बस्ती के लोगों के घर जबरन खाली कराए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद वर्ष 2019 में इस मामले में गंज कोतवाली में मुकदमे दर्ज कराए गए। 11 लोगों की ओर से दर्ज कराए गए अलग-अलग मुकदमों में आरोप लगाया गया कि सपा सरकार के दौरान आजम खां के इशारे पर पुलिस और सपाइयों ने आसरा आवास बनाने के लिए बस्ती के लोगों के घर जबरन खाली कराए। आरोप है कि उनका सामान लूट लिया गया और मकानों पर बुलडोजर चलवाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। मुकदमों में शुरुआत में आजम खां नामजद नहीं थे। बाद में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और उनके बयानों के आधार पर पुलिस ने आजम खां को भी आरोपित बनाया था। पांच मामलों में सुनवाई जारी डूंगरपुर प्रकरण से जुड़े मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में चल रही है। इन मामलों में छह में फैसला हो चुका है, जबकि पांच मामले अब भी विचाराधीन हैं। पांचों मामलों की सुनवाई एक साथ की जा रही है। आजम खां के अलावा पूर्व सीओ आले हसन खां, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमेंद्र चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां और बरकत अली ठेकेदार समेत अन्य लोग भी इन मामलों में आरोपित हैं। अब अदालत में गवाह से अभियोजन पक्ष की जिरह के बाद आगे की सुनवाई होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)