अलीगढ़ में कचरा डलाव घरों से मुक्ति:1 दिसंबर से नहीं दिखेंगे कचरे के ढेर, 15 नवंबर तक शुरू होंगे 4 नए ट्रांसफर स्टेशन

Nov 01, 2026 - 16:07
0
अलीगढ़ में कचरा डलाव घरों से मुक्ति:1 दिसंबर से नहीं दिखेंगे कचरे के ढेर, 15 नवंबर तक शुरू होंगे 4 नए ट्रांसफर स्टेशन
शहर की सड़कों और प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह बने कचरा डलाव घरों से अब निजात मिलने की उम्मीद है। नगर निगम ने 1 दिसंबर तक शहर को कचरा डलाव प्वाइंट से मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए 15 नवंबर तक चार नए कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन शुरू किए जाएंगे। वहीं, सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने दो एजेंसियों पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। नगर आयुक्त ने शनिवार को धौर्रा माफी स्थित अर्बन कंपनी की वाहन पार्किंग और वर्कशॉप का औचक निरीक्षण किया। यहां कचरा उठाने वाले कई वाहन लंबे समय से खराब हालत में खड़े मिले। खास बात यह है कि 15 दिन पहले निर्देश देने के बावजूद कंपनी ने वाहनों की मरम्मत नहीं कराई थी। इस लापरवाही पर नगर आयुक्त ने अर्बन कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। ओजोन रोड पर कचरा डालने पर सुकमा पर 5 लाख का जुर्माना नगर आयुक्त ने स्वर्ण जयंती नगर से ओजोन रोड की ओर जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया। यहां सुकमा कंपनी की ओर से सड़क किनारे बिना अनुमति कचरा डंप किया जा रहा था। शहर के पॉश इलाके में इस तरह कचरा डाले जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कंपनी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया। 3.47 करोड़ से तैयार हो रहे चार नए ट्रांसफर स्टेशन नगर आयुक्त के मुताबिक, शहर में कुल छह ट्रांसफर स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें चार नए स्टेशन 15 नवंबर तक क्रियाशील कर दिए जाएंगे। इन पर करीब 3.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कचरे के परिवहन और निस्तारण के लिए चार पोर्टेबल कॉम्पेक्टर, 25 कैप्सूल और चार हुक लोडर की व्यवस्था भी की गई है। 1 दिसंबर से हटेंगे छोटे-बड़े डलाव प्वाइंट नगर निगम का लक्ष्य है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद एक दिसंबर से शहर के प्रमुख मार्गों सहित सभी छोटे-बड़े कचरा डलाव प्वाइंट समाप्त कर दिए जाएं। इससे सड़कों पर कचरे के ढेर नहीं लगेंगे और कचरे का उठान सीधे ट्रांसफर स्टेशनों के माध्यम से कराया जा सकेगा। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि नई व्यवस्था को समय से लागू कराने के लिए वह स्वयं निगरानी कर रहे हैं। सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि कचरा निर्धारित संग्रहण व्यवस्था के तहत ही दें। सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और खाली भूखंडों पर कचरा न डालें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User