अलीगढ़ के कारोबारी के पैन-आधार से 36.97 करोड़ का कारोबार!:दो राज्यों में GST फर्में खोलकर खेला फर्जीवाड़े का बड़ा खेल, FIR
डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर अपराधियों ने ठगी का ऐसा तरीका अपनाया है, जिसने सरकारी डिजिटल सिस्टम और आम आदमी के दस्तावेजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलीगढ़ के एक छोटे कारोबारी के पैन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों का कथित तौर पर दुरुपयोग कर दो राज्यों में फर्जी जीएसटी फर्में खड़ी कर दी गईं। इन फर्मों के नाम पर एक वित्तीय वर्ष में 36 करोड़ 97 लाख 30 हजार 151 रुपये का कारोबार दिखा दिया गया। हैरानी की बात यह है कि जिस व्यक्ति के नाम पर यह पूरा खेल हुआ, उसे इसकी भनक तक नहीं लगी। ITR भरने बैठा तो खुला 36 करोड़ का राज बापू नगर निवासी शुभम कुमार वाष्र्णेय छिपैटी बाजार में कन्फेक्शनरी आइटम की खरीद-बिक्री की छोटी दुकान चलाते हैं। उनका दावा है कि उन्होंने कभी अपने नाम से जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया और न ही इसके लिए कोई आवेदन किया। 31 अगस्त 2026 को वह अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने के लिए पोर्टल पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। वहां उनके पैन से जुड़ी दो ऐसी जीएसटी फर्मों का पता चला, जिनका उन्होंने कभी संचालन ही नहीं किया। दो राज्यों में फर्जी फर्में, करोड़ों का टर्नओवर शिकायत के मुताबिक, प्रतापगढ़ में 'एसके एंटरप्राइजेज' के नाम से जीएसटी नंबर 09ATEPV4907A1ZP और दिल्ली के बवाना नॉर्थ में 'कुमार ट्रेडिंग' के नाम से जीएसटी नंबर 07ATEPV4907A1ZT दर्ज मिला। इन दोनों फर्मों पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 36,97,30,151 रुपये का टर्नओवर प्रदर्शित हो रहा था। यानी एक छोटी दुकान चलाने वाले कारोबारी के दस्तावेजों पर करोड़ों रुपये का कथित कारोबार खड़ा कर दिया गया। कारोबारी बोला- न फर्म मेरी, न कारोबार से कोई लेना-देना शुभम कुमार ने एसएसपी को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने धोखाधड़ी और जालसाजी के इरादे से उनके पैन कार्ड, आधार कार्ड और दूसरे दस्तावेजों का अवैध इस्तेमाल किया। उनकी जानकारी और सहमति के बिना जीएसटी पंजीकरण कराए गए। उन्होंने इन फर्मों से किसी भी तरह के व्यापार, वित्तीय लेन-देन, कर चोरी या वित्तीय अनियमितता से संबंध होने से इनकार किया है। गांधी पार्क थाने में FIR, जांच शुरू मामले में शिकायत के आधार पर गांधी पार्क थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि दोनों जीएसटी पंजीकरण किस दस्तावेज और मोबाइल नंबर के आधार पर कराए गए, फर्मों के बैंक खाते किसके नियंत्रण में थे और करीब 37 करोड़ रुपये के टर्नओवर के पीछे कौन लोग हैं। सबसे मजबूत सवाल * एक व्यक्ति के पैन पर दो राज्यों में जीएसटी पंजीकरण कैसे हो गए? * 36.97 करोड़ रुपये का टर्नओवर दिखा, लेकिन कारोबारी को भनक तक नहीं लगी? * फर्जी फर्मों के जरिए कितने करोड़ की टैक्स देनदारी या इनपुट टैक्स क्रेडिट का खेल हुआ? * क्या इन फर्मों के जरिए फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी की गई?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)