600-जोड़ों का होगा विवाह, सरकार वधु को देगी 64 हजार:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वाराणसी के सभी ब्लॉक में होगा आयोजन

Nov 18, 2026 - 11:36
0
600-जोड़ों का होगा विवाह, सरकार वधु को देगी 64 हजार:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वाराणसी के सभी ब्लॉक में होगा आयोजन
आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी अब उनके माता-पिता के लिए आर्थिक बोझ नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना' के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उठा रही है। इसी क्रम में आगामी 21 नवंबर से दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक वाराणसी जिले के सभी आठ विकासखंडों में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जिले में कुल 600 पात्र जोड़ों का विवाह संपन्न कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी वधुओं के अकाउंट में 64 हजार रुपए का अनुदान भी आएगा। आठों विकासखंडों में तय हुईं तिथियां और लक्ष्य जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वाराणसी के सभी आठ ब्लॉकों में पात्र जोड़ों के विवाह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के सेवापुरी, हरहुआ, आराजी लाइन, पिंडरा, बड़ागांव, चोलापुर, चिरईगांव और काशी विद्यापीठ विकासखंडों में अलग-अलग तिथियों पर विवाह मंडप सजाए जाएंगे। लक्ष्य निर्धारण के अनुसार, जिले के छह विकासखंडों में 80-80 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। वहीं, चिरईगांव ब्लॉक में सर्वाधिक 90 जोड़ों और काशी विद्यापीठ ब्लॉक में 30 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रकार सभी आठ विकासखंडों में कुल 600 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। सरकार की इस पहल से निराश्रित और निर्धन परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। वधु के खाते में 64 हजार रुपये और गृहस्थी का पूरा सामान समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत विवाह करने वाली प्रत्येक वधु के बैंक खाते में सीधे 64 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी। इसके साथ ही नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप गृहस्थी बसाने के लिए सभी आवश्यक घरेलू सामान भी प्रदान किए जाएंगे। उपहार सूची में मेकअप के सामान से युक्त फाइबर बॉक्स, पांच साड़ियां, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, आयरन प्रेस, सीलिंग फैन, कंबल और मैट्रेस समेत अन्य उपयोगी वस्तुएं शामिल हैं। प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य यह है कि बेटियां विवाह के बाद बिना किसी आर्थिक अभाव के सम्मानजनक तरीके से अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें। विकासखंडवार विवाह कार्यक्रम और निर्धारित लक्ष्य - • सेवापुरी: 21 नवंबर (80 जोड़े) • हरहुआ: 25 नवंबर (80 जोड़े) • आराजी लाइन: 26 नवंबर (80 जोड़े) • पिंडरा: 26 नवंबर (80 जोड़े) • बड़ागांव: 26 नवंबर (80 जोड़े) • चोलापुर: 29 नवंबर (80 जोड़े) • काशी विद्यापीठ: 3 दिसंबर (30 जोड़े) • चिरईगांव: दिसंबर का प्रथम सप्ताह (90 जोड़े)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User