प्रसूता की मौत के मामले में डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज:सीतापुर में डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने मानी लापरवाही,जीवन हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. तौफीक समेत पैरामेडिकल स्टाफ पर मुकदमा
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में कांशीराम कॉलोनी के पास संचालित जीवन हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के मामले में अस्पताल की लापरवाही सामने आई है। जांच में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद डीएम के निर्देश पर एसीएमओ की तहरीर पर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तौफीक समेत पैरामेडिकल स्टाफ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज निवासी राखी शर्मा को 26 अक्टूबर को प्रसव के लिए जीवन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि प्रसव के बाद खून की कमी होने के बावजूद उनका ऑपरेशन किया गया। इलाज के दौरान ही 26 अक्टूबर को राखी की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी। डीएम ने गठित की थी तीन सदस्यीय जांच टीम शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मामले की जांच के लिए एसडीएम सदर जनार्दन, एसीएमओ डॉ. इमरान अली और महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिता त्रिपाठी की टीम गठित की थी। टीम ने अस्पताल में इलाज के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जांच की। जांच में चिकित्सक डॉ. तौफीक और पैरामेडिकल स्टाफ की ओर से लापरवाही किए जाने की पुष्टि हुई। एसीएमओ की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा जांच रिपोर्ट के बाद एसीएमओ डॉ. इमरान अली ने रामकोट थाने में तहरीर दी। पुलिस ने चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)