बिहार से लौटते यात्रियों के लिए रेलवे ने तैयारी बढ़ाई:प्रयागराज में प्लेटफॉर्म पर टीमें तैनात; जरूरत के अनुसार चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
बिहार में त्योहार मनाकर लौट रहे यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज समेत प्रमुख स्टेशनों पर इंतजाम बढ़ाए हैं। उत्तर मध्य रेलवे ने भीड़ संभालने की योजना लागू की है। प्रयागराज मंडल और उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में वॉर रूम सक्रिय किए गए हैं। अधिकारी यात्रियों की आवाजाही और ट्रेनों के संचालन पर नजर रख रहे हैं। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर पूर्व रेलवे और उत्तर रेलवे मिलकर काम कर रहे हैं। प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडलों में विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इनकी जिम्मेदारी प्लेटफॉर्म पर भीड़ संभालने और ट्रेनों को समय पर चलाने की है। यात्रियों की संख्या के अनुसार विशेष अनारक्षित और आरक्षित ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। ज्यादा भीड़ वाले स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म के बाहर यात्रियों के लिए जगह बनाने के निर्देश दिए गए हैं। वहां बैठने, पेयजल, सफाई और उद्घोषणा का इंतजाम होगा। ट्रेनों के जाने की जानकारी देने के लिए साफ संकेतक भी लगाए गए हैं, ताकि प्लेटफॉर्म पर भीड़ न जुटे। फुट ओवरब्रिज, प्रवेश और निकास द्वार समेत स्टेशन के प्रमुख स्थानों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), वाणिज्यिक कर्मचारी और मेडिकल टीमें चौबीसों घंटे तैनात हैं। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की मदद पर खास ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रेल मंत्री बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, राजेंद्र नगर, दरभंगा और दानापुर समेत प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा कर रहे हैं। रेलवे ने कहा कि यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार ट्रेनें चलाई जाएंगी। यात्रियों से रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करने और स्टेशन पर सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)