अस्पताल में सिपाही की लाश छोड़कर भागे:प्रयागराज में निलंबित पुलिसकर्मी की मौत, सुबह अचेत हालत में पहुंचाया गया था SRNH
प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में रविवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए। कुछ लोग सुबह करीब 11 बजे एक सिपाही को अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच की तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद सिपाही को अस्पताल लेकर आने वाले लोग वहां से गायब हो गए। न कोई जानकारी दी, न ही अपनी पहचान बताई। घंटों तक मृतक की पहचान भी नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की तो पता चला कि मृतक प्रयागराज में तैनात सिपाही अजय कुमार सिंह हैं। वह मूल रूप से रायबरेली के रहने वाले थे और फिलहाल निलंबित चल रहे थे। सिपाही की मौत किन परिस्थितियों में हुई, वह अस्पताल कैसे पहुंचे और उन्हें लेकर आने वाले लोग कौन थे, इन सवालों का जवाब देर शाम तक नहीं मिल सका था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। अज्ञात में मर्चरी भेजवाया गया शव जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग अजय कुमार सिंह को एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उस समय वह अचेत अवस्था में थे। डॉक्टरों ने परीक्षण किया तो उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने के समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। ऐसे में शव को अज्ञात के रूप में मर्चरी में रखवा दिया गया। दूसरी तरफ, उन्हें अस्पताल लेकर आने वाले लोग वहां से चले गए। उनके बारे में तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई। इसके बाद उनकी पहचान अजय कुमार सिंह के रूप में हुई और परिजनों को सूचना दी गई। हालांकि, सिपाही को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों की पहचान का सवाल अब भी बना हुआ है। वे कौन थे, अजय को कहां से लेकर आए थे और अस्पताल में उन्हें छोड़कर क्यों चले गए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कई महीनों से निलंबित चल रहे थे अजय मूल रूप से रायबरेली के रहने वाले थे। वह पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर तैनात थे और वर्तमान में निलंबित चल रहे थे। पूर्व में उनकी तैनाती कोरांव थाने की बड़ोखर चौकी पर भी रही थी। हालांकि, उनके निलंबन के कारणों और वर्तमान में उनकी विभागीय स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस भी फिलहाल उनकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। अस्पताल में CCTV कैमरे, फिर भी साथ आए लोगों की पहचान क्यों नहीं? इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल एसआरएन अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी से जुड़ा है। अस्पताल परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। ऐसे में सिपाही को अस्पताल लेकर आने वाले लोगों की गतिविधियां कैमरों में कैद हुई होंगी। इसके बावजूद देर शाम तक उन लोगों की पहचान सामने नहीं आ सकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज कोतवाली थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के बारे में जानकारी मिली है कि वह निलंबित चल रहे थे। उनकी किस थाने में तैनाती रही थी, इस संबंध में अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)