सूर्यवंशी को नंबर-3 पर भेजने पर पूर्व क्रिकेटर्स का सवाल:ओपन क्यों नहीं भेजा, अश्विन बोले- छठे ओवर में बैटिंग आसान नहीं थी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स ने दूसरे टी-20 में वैभव सूर्यवंशी को नंबर-3 पर उतारने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। पूर्व भारतीय स्पिनर मुरली कार्तिक ने पूछा कि वैभव को ओपन क्यों नहीं भेजा गया। पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने कहा था कि छठे ओवर में बल्लेबाजी करना वैभव के लिए आसान नहीं था। शनिवार को क्राइस्टचर्च में 15 साल के वैभव महज सिर्फ 4 रन ही बना सके थे। उन्हें चोटिल ईशान किशन की गैरमौजूदगी में खेलने का मौका मिला था। इस मुकाबले को भारत ने 4 विकेट से जीता। कार्तिक ने कहा- वैभव से ओपनिंग करानी चाहिए थी कमेंटेटर कार्तिक ने कहा- ‘वैभव को अपनी सबसे मजबूत पोजिशन ओपनिंग पर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। सूर्यवंशी ओपनर के तौर पर अच्छे हैं। कार्तिक ने कहा, ‘वे एक युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने सिर्फ एक तरीके से बैटिंग की है। इसी वजह से आप अनुभवी खिलाड़ियों को रखते हैं, ताकि वे अलग-अलग भूमिकाएं निभा सकें।’ कार्तिक ने आगे कहा, ‘यह अलग बात है कि आपने मैच जीत लिया, लेकिन अगर आप सूर्यवंशी को खिला रहे हैं, तो उन्हें आज ओपनिंग करनी चाहिए थी।’ सीनियर्स का रोल बदलना चाहिए- कार्तिक कार्तिक ने कहा कि सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी के लिए भारत के अनुभवी बल्लेबाजों को अपनी पोजिशन बदलने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने संजू सैमसन का उदाहरण देते हुए कहा कि वह अलग-अलग भूमिकाएं निभा सकते हैं। कार्तिक के मुताबिक, सैमसन को नीचे भेजकर सूर्यवंशी को ओपनिंग कराई जा सकती थी। वैभव हर गेंद पर मार रहे थे- अश्विन अश्विन ने कहा कि छठे ओवर में क्रीज पर उतरना वैभव सूर्यवंशी के बस की बात नहीं थी। वे मैदान पर पानी के बिना मछली की तरह असहज नजर आ रहे थे। अश्विन ने कहा- वैभव हर गेंद मारने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे नाजुक मौकों पर एक सीनियर्स को उनके पास जाकर उन्हें शांत रहने और गेंद को शरीर के पास खेलने की सलाह देनी चाहिए थी। वापसी के मौके का फायदा नहीं उठा सके सूर्यवंशी सूर्यवंशी की छोटी पारी के कारण वे भारत के लक्ष्य का पीछा करने में असर नहीं डाल सके। हालांकि, टीम ने मिडिल और लोअर ऑर्डर के योगदान से जीत हासिल की। तिलक वर्मा ने नाबाद अर्धशतक लगाकर पारी को संभाला। नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाए। -------------------------------------------------------
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)