अटल नगर में जल्द मिलेगा फ्लैटों का कब्जा:नादरगंज में 18 मीटर चौड़ी होगी सड़क,वरुण विहार में भूखंडों के विकास और जल निकासी पर जोर
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया, देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना और आगरा एक्सप्रेसवे के पास वरुण विहार योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। नादरगंज से टीएस मिश्रा यूनिवर्सिटी तक बनेगी 18 मीटर चौड़ी सड़क एलडीए उपाध्यक्ष ने नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया में कान्हा गौशाला से अमौसी फ्लाईओवर तक सड़क चौड़ीकरण, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग और नाले के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। नादरगंज से टीएस मिश्रा यूनिवर्सिटी तक सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क के किनारे इंटरलॉकिंग और गहरे नाले का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे कान्हा उपवन के गेट और बाउंड्री को पहले हटाया जाएगा। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद इनका दोबारा निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा कान्हा उपवन परिसर में स्थित कपिला गौशाला की बाउंड्री बनाने के निर्देश भी दिए गए। अटल नगर के 208 एलआईजी फ्लैटों की जल्द होगी लॉटरी देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में उपाध्यक्ष ने एमएमआईजी फ्लैटों के आवंटियों को कब्जा देने की प्रक्रिया तेज करने को कहा। साथ ही एलआईजी-1 श्रेणी के 208 फ्लैटों की लॉटरी जल्द कराने के निर्देश दिए। योजना में बिजली के खंभों की शिफ्टिंग, पार्क रोड, ग्रीन बेल्ट और अग्नि सुरक्षा से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। रजनीगंधा टावर के शेष कार्यों को 15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। एमआईजी फ्लैटों के पास पार्किंग विकसित की जा रही है। इसके अलावा वाहन पार्किंग की सुविधा बढ़ाने के लिए मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण भी जारी है। वरुण विहार में भूखंडों के विकास और जल निकासी पर जोर आगरा एक्सप्रेसवे के पास स्थित वरुण विहार योजना में एलडीए उपाध्यक्ष ने भूमि समतलीकरण, मिट्टी की पुराई, सड़कों की सफाई और भूखंडों के विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जरूरत के अनुसार जमीन को करीब एक फुट ऊंचा करके मिट्टी की पुराई कराने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव रोकने के लिए पानी के स्तर और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। योजना क्षेत्र में करीब डेढ़ किलोमीटर तक सड़क की सफाई कराने और भूखंडों के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कार्यों की नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों की साप्ताहिक ड्यूटी भी तय की जाएगी, ताकि प्रगति की लगातार समीक्षा हो सके और निर्धारित समय में काम पूरा किया जा सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत सिंह और मनोज सागर, सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह सहित अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)